_2026112_14103_m.webp)
बिजनेस डेस्क। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। बैंक की जांच में सीसीटीवी फुटेज से एक महिला कर्मचारी की हैरान करने वाली करतूत सामने आई है, जिसने 6 बैंक अफसरों की लॉगिन आईडी का गलत इस्तेमाल कर इस पूरे घोटाले को अंजाम दिया है।
उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित पीएनबी की सेक्टर पाई-1 शाखा का यह मामला है। यहां कार्यरत एक महिला कर्मचारी पर आरोप है कि उसने अपने 6 सीनियर अधिकारियों की लॉगिन आईडी चुराकर ग्राहकों के खातों से करोड़ों रुपये ट्रांसफर कर लिए।
सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि महिला कर्मचारी दूसरे अफसरों की खाली कुर्सियों पर बैठकर उनके सिस्टम चलाती थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है।
पीटीआई के अनुसार, बैंक की शुरुआती जांच में ग्राहकों के खातों से करीब 10.24 करोड़ रुपये के लेनदेन का पता चला है। वहीं कुछ ग्राहकों का दावा है कि उनके बचत खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) से करीब 35 करोड़ रुपये गायब हैं। पीड़ितों में कई ऐसे किसान भी शामिल हैं, जिन्होंने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए जमीन के बदले मिले मुआवजे की रकम बैंक में जमा कराई थी।
बैंक की आधिकारिक शिकायत के अनुसार महिला कर्मचारी दीपांशी शर्मा ने 6 अधिकारियों की लॉगिन आईडी का दुरुपयोग किया, जिनमें ब्रांच मैनेजर निशा तिर्की और सीनियर कस्टमर सर्विस एसोसिएट संदीप प्रकाश शर्मा भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- SBI ग्राहकों के लिए बुरी खबर! बैंक ने माना- लीक हुआ 3.75 लाख लोगों का डेटा, जानें क्या है पूरा मामला
इस पूरे घोटाले का भंडाफोड़ 16 सितंबर को हुआ, जब बैंक की ग्राहक संगीता अपने परिवार के साथ पासबुक अपडेट कराने पहुंचीं। पासबुक में एंट्री के दौरान उन्हें तीन ऐसे बड़े ट्रांजैक्शन दिखे, जो उन्होंने कभी किए ही नहीं थे।
जब उन्होंने बैंक प्रबंधन से शिकायत की, तो आरोपी महिला कर्मचारी दीपांशी ने इसे प्रॉपर्टी निवेश का सही ट्रांजैक्शन बताकर गुमराह करने की कोशिश की। लेकिन जब बैंक अधिकारियों ने इन लेनदेन के वाउचर मांगे, तो कोई रिकॉर्ड नहीं मिला। इसके बाद जब पड़ताल शुरू हुई, तब जाकर इस बड़े बैंकिंग फ्रॉड का पर्दाफाश हुआ।