
बिजनेस डेस्क। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों के डेटा को लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़ा मामला कल ही सामने आया था, जिसके बाद अब बैंक ने भी पुष्टि की है।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के मुताबिक, उसके कुछ ग्राहकों का निजी डेटा डार्क वेब पर लीक हुआ है। ग्राहकों के मोबाइल नंबर, पते और लोन से जुड़ी जानकारी समेत कई चीजें लीक हो गई हैं। बैंक ने बुधवार को स्टॉक एक्सचेंज में दाखिल अपनी रिपोर्ट में बताया कि बैंक में एक ऐसी घटना हुई है, जिसमें डेटा का नुकसान हुआ है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते दिनों डार्क वेब पर 'Siriusim' नाम के एक साइबर फ्रॉड ग्रुप ने SBI के करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड लीक होने का दावा किया था. खबर सामने आने के बाद SBI की डेटा सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे और बैंक के ग्राहकों के बीच भी चिंता बढ़ गई.
यह भी पढ़ें- SBI Data Leak: एसबीआई के 3.75 लाख ग्राहकों का डेटा लीक होने का दावा, जानें बचाव के तरीके
अब बैंक ने खुद डेटा से जुड़ी घटना की पुष्टि कर दी है. हालांकि, बैंक ने ये नहीं बताया है कि किन-किन ग्राहकों की जानकारी लीक हुई है.
बैंक ने डार्क वेब पर मौजूद करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड की समीक्षा की, जिनमें से 3,897 ऐसे रिकॉर्ड मिले, जिनमें ग्राहकों की व्यक्तिगत पहचान से जुड़ी जानकारी (PII) शामिल थी.
बैंक अभी डेटा लीक की असल वजह, उजागर हुई जानकारी की पूरी सीमा और ग्राहकों से जुड़े जोखिम का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच कर रहा है. हालांकि, लीक हुई निजी जानकारी का इस्तेमाल साइबर ठग फर्जी कॉल, मैसेज और बैंक अधिकारी बनकर धोखाधड़ी करने के लिए कर सकते हैं. इसलिए किसी से भी OTP, PIN शेयर ना करें।