
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : भारतीय बाजार में वैसे तो मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर शुक्रवार रात से रविवार तक ट्रेडिंग बंद रहती है, लेकिन रविवार को दीपावली होने पर एक घंटे 10 मिनट का विशेष सत्र चलेगा। इसमें दोपहर 2:20 से 3:30 बजे तक ट्रेडिंग की जा सकेगी।
इससे पहले दोपहर 2:05 से 2:19 बजे तक विशेष सेशन चलेगा। भारी गिरावट के बावजूद वर्तमान में सोना-चांदी के भाव पिछली दीपावली से ऊपर ही बने हुए हैं, जबकि बाजार के जानकार/ विशेेषज्ञों द्वारा भाव गत वर्ष से नीचे या समकक्ष रहने का अनुमान लगाया गया था। बाजार में सोना-चांदी के भविष्य को लेकर फिर से तरह-तरह की चर्चाएं ने जोर पकड़ लिया है।

नौ माह पहले की तेजी में आसमान पर पहुंची सोना-चांदी की कीमतों के वर्तमान में गिरावट के महाभूचाल से नीचे आने से बुलियन बाजार के सारे समीकरण बिगड़ गए हैं, वहीं बाजार में नकदी का प्रवाह खत्म-सा हो गया है। अभी भी बाजार रेड जोन में ही गोते लगा रहा है। इससे वर्तमान त्योहारी और भविष्य में शादी-ब्याह की सीजन के बावजूद सराफा में खरीदी-बिक्री ने अपेक्षानुरूप जोर नहीं पकड़ा है।
कारोबारियाें का कहना है कि लगातार गिरती कीमतों ने बाजार में अस्थिरता का माहौल पैदा कर दिया है। इससे न तो बिकवाली निकल पा रही है और न ही आशानुरूप खरीदी। बाजार में कामकाज की चाल पर प्रभाव पड़ रहा है।
सराफा व्यवसायी रूपेश मंगरोला के अनुसार नवंबर 2026 से जनवरी 2027 के बीच सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के साथ सुधार की संभावना है। वैश्विक आर्थिक परिस्थितियों, डालर की चाल और हालिया गिरावट का असर बाजार पर रहेगा।
अनुमान के मुताबिक सोने के भाव 1.38 से 1.42 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के न्यूनतम स्तर तक आ सकते हैं, जबकि मांग बढ़ने पर 1.48 से 1.55 लाख रुपये तक पहुंच सकते हैं। इसी तरह चांदी के भाव 1.75 से 1.82 लाख रुपये प्रति किलो के निचले स्तर और 1.95 से 2.15 लाख रुपये तक के ऊंचे स्तर पर रहने की संभावना है।
यह भी पढ़ें- Ratlam Sarafa: रतलाम में चांदी आधी कीमत पर! सोना भी हुआ सस्ता, देखें ताजा भाव