
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : वैश्विक बाजारों में जारी अस्थिरता का असर सोना-चांदी के कारोबार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। बीते कुछ समय से थोड़े-थोड़े अंतराल में दोनों कीमती धातुओं के भाव में तेज उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। एक ओर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति को लेकर कड़ा रुख अपनाया है, वहीं भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से विदेश में शादी-ब्याह और अनावश्यक यात्राओं से बचने के साथ सोना नहीं खरीदने की अपील की है। इन घटनाक्रमों के बाद सराफा बाजार में आगामी दिनों में तेजी-मंदी को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
वैश्विक स्तर पर लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई है। इसका असर क्रूड आइल, सोना-चांदी और अन्य मूल्यवान धातुओं सहित कई बाजारों पर पड़ रहा है। कभी भाव तेजी से ऊपर पहुंच रहे हैं तो कभी अचानक गिरावट दर्ज हो रही है। ट्रंप की टिप्पणी और प्रधानमंत्री की अपील के बाद बाजार में असमंजस और बढ़ गया है। इंटरनेट मीडिया पर भी सोने-चांदी के भाव को लेकर तरह-तरह के अनुमान लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग सोना एक लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी डेढ़ लाख रुपये प्रति किलो तक आने की संभावना जता रहे हैं, जबकि कुछ अनुमानों में सोने के दो लाख और चांदी के तीन लाख रुपये के पार जाने की बातें कही जा रही हैं। हालांकि इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भारतीय बाजार में शुक्रवार रात एमसीएक्स पर सोना 152815 रुपये और चांदी 237500 रुपये पर बंद हुई। इसी दिन स्पाट गोल्ड 4490.60 से गिरकर 4,430.58 तथा स्पाट सिल्वर 67.2140 से घटकर 64.7525 पर बंद हुई। शनिवार को हाजर में सोना 1.49 लाख से 1.50 लाख रुपये और चांदी 2.33 लाख से 2.34 लाख रुपये प्रति किलो के बीच रही। आरटीजीएस (बिल) में सोना 1.57 लाख और चांदी 2.39 लाख रुपये के भाव पर बिकी। अब दो दिन के अवकाश के बाद सोमवार से अंतरराष्ट्रीय बाजार खुलने पर घरेलू बाजार में भी इसकी दिशा स्पष्ट होने की उम्मीद है।
कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि जनवरी 2026 में चांदी चार लाख रुपये प्रति किलो का आंकड़ा पार कर गई थी। इसके बाद लगातार गिरावट के चलते हाजर भाव करीब 2.17 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुके हैं। सोने में भी इसी तरह की अस्थिरता देखने को मिली। जनवरी में 10 ग्राम सोना 1.82 लाख रुपये से ऊपर पहुंच गया था, जबकि बाद में भाव घटकर करीब 1.37 लाख रुपये तक आ गया। वर्तमान में चांदी 1.41 लाख व सोना में 35 हजार रुपये तक नीचे गिर चुके हैं।
सराफा व्यवसायी शुभम मूणत ने बताया कि सोना-चांदी के भाव को लेकर बाजार और इंटरनेट मीडिया पर कई भ्रामक बातें चल रही हैं, जिनकी कहीं से भी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इसके बावजूद बाजार लगातार ऊपर-नीचे हो रहा है और अस्थिरता बनी हुई है। यदि यही स्थिति जारी रही तो आगामी त्योहारी सीजन में बुलियन मार्केट पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। सरकार को बाजार में असमंजस और अनिश्चितता कम करने के लिए ठोस कदम उठाने चाहिए।
| तारीख | चांदी | सोना |
| 05 सितंबर | 239100 | 157000 |
| 04 सितंबर | 242600 | 159000 |
| 03 सितंबर | 238600 | 158000 |
| 02 सितंबर | 235100 | 155000 |
| 01 सितंबर | 244100 | 158500 |
| 31 अगस्त | 241100 | 159300 |
| 29 अगस्त | 242600 | 160500 |
| 28 अगस्त | 248100 | 163000 |
| 27 अगस्त | 245100 | 163000 |
| 26 अगस्त | 249100 | 165000 |
| 25 अगस्त | 248100 | 165200 |
| 24 अगस्त | 251100 | 166300 |
(नोट : आरटीजीएस भाव चांदी प्रति किलो व सोना प्रति 10 ग्राम रुपये में)