
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : नौ माह पहले चांद पर पहुंची चांदी अब नीचे गिरकर पाताल में जाने की तैयारी कर रही है तो सोने का भी दम निकलता जा रहा है। इससे जरूरी खरीदी करने वाले निम्न और मध्यम वर्गीय परिवारों की बल्ले-बल्ले हो रही है, वहीं ऊंचे भाव पर खरीदी करने वालों के आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
गुरुवार के मुकाबले शुक्रवार को चांदी में 9000 रुपये किलो और सोना में 1300 रुपये प्रति 10 ग्राम की तेज गिरावट देखने को मिली। लगातार गिर रहे भाव से सराफा में कोहराम जैसी स्थिति बनती जा रही है। जनवरी 2026 में सोना-चांदी की आसमान छूती कीमतों के कारण अब तक खरीदारी से दूरी बनाए रखने वाले निम्न और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए लगातार गिरावट राहत लेकर आई है तो ऊंचे भाव पर खरीदी करने वाले निवेशकों व व्यापारियों की सांसें ऊपर-नीचे होना शुरू हो गई है।
शुक्रवार को रतलाम के सराफा बाजार में सोना 1.43 से 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.88 से 1.89 लाख रुपये प्रति किलो के आसपास कारोबार करती रही।

कीमतों में आई तूफानी गिरावट का अंदाजा जनवरी और मौजूदा भाव की तुलना से लगाया जा सकता है। जनवरी 2026 में चांदी चार लाख रुपये प्रति किलो के पार पहुंच गई थी, जो शुक्रवार को रतलाम के हाजर और बिल कारोबार में घटकर 1.87 से 1.88 लाख रुपये के आसपास रह गई।
इसी तरह जनवरी में सोना 1.82 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार था, जो अब 1.43 से 1.44 लाख रुपये के स्तर पर है। शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर सोना 141061 से 142574 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 183401 से 188272 रुपये प्रति किलो के दायरे में रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पाट गोल्ड 3965.37 से 4026.43 डालर प्रति औंस और स्पाट सिल्वर 59.3685 से 52.2395 डालर प्रति सेंट के बीच कारोबार करती रही।
अक्टूबर 2025 में सोना 1.20 से 1.32 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.46 से 1.82 लाख रुपये प्रति किलो के बीच थी। पिछली दीपावली पर मुहूर्त कारोबार में सोना 1.30 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 1.60 लाख रुपये प्रति किलो पर खुली थी। वर्तमान भाव पिछली दीपावली से महज दो कदम दूर है। गिरावट का एक और जोरदार झटका लगते ही भाव गत वर्ष से भी नीचे आने की संभावना बढ़ गई है।
सराफा व्यवसायी रूपेश मंगरोला के अनुसार भारी गिरावट ने बुलियन बाजार तहस-नहस कर दिया है। सोना-चांदी में निवेश करने वालों के दिन का चैन और रातों की नींद छीन गई है, वहीं सराफा में कामकाज की रफ्तार पर भी ब्रेक लग गया है। सोना-चांदी के भाव में आ रही बड़ी गिरावट से बाजार चमकने के बजाय फीकी पड़ रहे हैं।
लगातार गिरावट ने जरूरी खरीदी करने वालों को भी रोक दिया है। अब सभी चांदी के 1.50 लाख और सोना 1.25 लाख के अंदर जाने का इंतजार कर रहे हैं। मंगरोला का कहना है कि आगामी दिनों में भी महामंदी के आसार नजर आ रहे हैं। ऊंचे भाव पर खरीदी करने वाले निवेशकों के लिए सोना-चांदी गले की हड्डी बन गए हैं।
यह भी पढ़ें- Ratlam Sarafa: रतलाम में चांदी आधी कीमत पर! सोना भी हुआ सस्ता, देखें ताजा भाव