
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : मू्ल्यवान धातु सोना और चांदी में लगातार बड़ी गिरावट से सराफा में कोहराम मचने जैसी स्थिति निर्मित हो रही है। नौ माह पहले जनवरी में ऊंचे भाव पर खरीदी करने वाले कारोबारी और निवेशकों की चिंता बढ़ती जा रही है, वहीं जरूरी खरीदी करने वाले निम्न और मध्यम वर्गीय परिवार राहत महसूस कर रहे हैं।
चार लाख पार जाने वाली चांदी अब 2.11 लाख रुपये प्रतिकिलो और 1.82 लाख के पार जाने वाला सोना अब 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। महामंदी के दौर में बाजार के विशेषज्ञ आगामी दिनों में चांदी दो लाख रुपये प्रतिकिलो और सोना 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के नीचे आने की संभावना जता रहे हैं।
वैश्विक स्तर पर चल रहे घमासान ने दुनिया भर के बाजारों की चाल बिगाड़ दी है। क्रूड ऑइल (कच्चे तेल) की कीमत लगातार ऊंचाइयां छू रही है, वहीं रोजमर्रा की वस्तुओं में महंगाई की आग लग रही है। इससे बाजार में कामकाज का चक्र पूरी तरह गड़बड़ा गया है। सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोना-चांदी से भी अब लोगों का रुझान हटता जा रहा है। यही कारण है कि बाजार में सोना-चांदी की मांग कमजोर होती जा रही है और भाव लगातार नीचे आ रहे हैं।

तूफानी गिरावट जरूरी खरीदी करने वाले निम्न और मध्यम वर्गीय परिवारों को राहत पहुंचा रही है। इसके बाद भी सराफा में ग्राहकी नहीं है। खरीदार और गिरावट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। चांदी अब हाजर में करीब 2.10 से 2.12 लाख और सोना 1.46 से 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास आ चुके हैं।
बुधवार को एमसीएक्स पर सोना 145525 से 146532 रुपये के बीच कारोबार करते देखा गया। चांदी 208525 से 210879 रुपये के बीच कारोबार करती देखी गई। हाजर कारोबार में सोना 147000 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा, जबकि चांदी 211000 रुपये किलो पर आ गई। बिल कारोबार में सोना 147800 और चांदी 211500 रुपये रही।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड 4106.52 से 4140.95 डालर और स्पाट सिल्वर 57.1090 से 58.1155 डालर के बीच कारोबार करते देखे गए। जनवरी 2026 की तुलना में वर्तमान में चांदी करीब 1.89 लाख और सोना करीब 35 हजार रुपये तक नीचे आ चुका है।
यह भी पढ़ें- MP, छत्तीसगढ़ समेत देशभर में टूटे सोने-चांदी के दाम, जानिए अपने शहर का ताजा भाव