_m.webp)
बिजनेस डेस्क। ऑल इंडिया बुलियन के अनुसार, रतलाम में आज 24 कैरेट (999) सोना 14,202 रुपये प्रति ग्राम यानी 1,42,016 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। वहीं 22 कैरेट सोने का भाव 13,009 रुपये प्रति ग्राम (1,30,087 रुपये प्रति 10 ग्राम) और 18 कैरेट सोने की कीमत 10,651 रुपये प्रति ग्राम दर्ज की गई है। इसके अलावा शुद्ध चांदी (999) का भाव 1,85,248 रुपये प्रति किलोग्राम पर बना हुआ है।
त्योहारी और शादी-ब्याह के सीजन में आमतौर पर सराफा बाजार में जबर्दस्त खरीदारी देखने को मिलती है, लेकिन इस बार अप्रत्याशित गिरावट के चलते पूरा बुलियन बाजार रेड जोन में चला गया है। भारी गिरावट के बावजूद दुकानों में ग्राहकों की वैसी भीड़ नहीं दिख रही है, जैसी उम्मीद जताई जा रही थी।
रतलाम के सराफा व्यवसायी शुभम मूणत का कहना है कि 1980 के बाद से बाजार में कभी ऐसी अकल्पनीय गिरावट देखने को नहीं मिली है। तेजी के दौर में जिन लोगों ने बैंक एफडी तोड़कर या कर्ज लेकर निवेश किया था, वे इस मंदी से गहरे संकट में फंस गए हैं। मंगलवार को बाजार को फिर बड़ा झटका लगा, जहां चांदी में करीब 6,000 रुपये प्रति किलो और सोने में 1,000 रुपये प्रति 10 ग्राम की टूट देखी गई। इसके चलते हाजिर और बिल में चांदी के भाव 1,79,600 रुपये रहे, जबकि सोना 1.39 लाख से 1.41 लाख रुपये के दायरे में सिमट गया है।