_m.webp)
बिजनेस डेस्क। 28 अक्टूबर 2026 को सुबह रतलाम के सराफा बाजार में 24 कैरेट (999 शुद्धता) सोने का भाव ₹1,45,338 प्रति 10 ग्राम, 22 कैरेट (916 शुद्धता) सोने का भाव ₹1,33,130 प्रति 10 ग्राम और 18 कैरेट (750 शुद्धता) सोने का भाव ₹1,09,004 प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया है। वहीं चांदी (999 शुद्धता) का भाव ₹2,00,323 प्रति किलोग्राम के स्तर पर बना हुआ है। आभूषणों के अंतिम बिल में मेकिंग चार्ज, वेस्टेज और 3 प्रतिशत जीएसटी अलग से जोड़ा जाता है।
कीमती धातुओं में करीब नौ महीने बाद आई ऐतिहासिक गिरावट ने आम और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए खरीदारी का बड़ा मौका बना दिया है। कीमतों में नरमी के बाद सराफा बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने से त्योहारी रौनक लौटने लगी है। जनवरी 2026 में चार लाख रुपये प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर को छूने वाली चांदी अब रतलाम के हाजिर और बिल कारोबार में गिरकर ₹1.96 लाख रुपये प्रति किलो पर आ गई है। इसी तरह जनवरी में ₹1.82 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के पार पहुंचा सोना करीब ₹39,000 टूटकर हाजिर बाजार में ₹1.43 लाख से ₹1.44 लाख प्रति 10 ग्राम के दायरे में आ गया है।
कीमती धातुओं में लगातार जारी गिरावट से बाजार का रुख बदल गया है। सराफा कारोबारियों के अनुसार, बाजार में आभूषणों की खरीदारी तो जोरदार चल रही है, लेकिन लोग पुराने गहनों की बिकवाली से बच रहे हैं। ऊंचे दामों पर खरीदारी करने वाले निवेशक और कारोबारी अब अपनी औसत लागत (पड़तल) कम करने के लिए निचले स्तरों पर नई खरीदारी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Indore Sarafa: इंदौर में ₹2,000 सस्ती हुई चांदी, सोना भी गिरा, खरीदारी से पहले चेक करें आज का रेट
अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों और वैश्विक बाजारों में जारी उठापटक के चलते सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव बना हुआ है। मंगलवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना ₹1,42,141 से ₹1,43,303 प्रति 10 ग्राम के बीच रहा, जबकि चांदी ₹1,91,516 से ₹1,95,195 प्रति किलो के दायरे में कारोबार करती दिखी। उधर अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड $3,989.33 से $4,025.39 प्रति औंस और स्पॉट सिल्वर $52.6690 से $54.2295 प्रति औंस के स्तर पर दर्ज किया गया है।
सराफा कारोबारियों का कहना है कि भाव पिछले साल के स्तर के करीब आने से बाजार में दीपावली की ग्राहकी धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही है। अक्टूबर 2025 में चांदी ₹1.46 लाख से ₹1.82 लाख प्रति किलो और सोना ₹1.20 लाख से ₹1.32 लाख प्रति 10 ग्राम के बीच रहा था, जबकि पिछली दीपावली पर मुहूर्त के समय चांदी ₹1.60 लाख प्रति किलो और सोना ₹1.30 लाख प्रति 10 ग्राम पर खुला था। त्योहार से ठीक पहले आई इस भारी गिरावट से आगामी पुष्य नक्षत्र और धनतेरस पर सराफा बाजार में भारी कारोबार की उम्मीद जताई जा रही है।