
बिजनेस डेस्क। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI ने एक बड़ा कदम उठाया है। दरअसल पिछले 6 महीने के अंदर विदेशी तिजोरियों से 60.1 टन सोना भारत में शिफ्ट कर दिया है। आरबीआई के इस कदम से भारत के कुल सोने का 84 फीसदी हिस्सा देश में सुरक्षित रखा हुआ है। पहले भारत का काफी सोना लंदन के बैंक ऑफ इंग्लैंड और स्विट्जरलैंड के बैंक फॉर इंटरनेशनल सेटलमेंट (BIS) की तिजोरियों में रहता था, हालांकि अब इसमें काफी कमी आ गई है।
केंद्रीय बैंक की अप्रैल-सितंबर 2026 की छमाही रिपोर्ट के अनुसार, देश का गोल्ड रिजर्व 880.5 टन पर स्थिर बना हुआ है और घरेलू भंडार सितंबर 2025 के 575.8 टन से बढ़कर सितंबर 2026 में 740.1 टन पर पहुंच गया है। जबकि बैंक ऑफ इंग्लैंड और BIS जैसे विदेशी वॉल्ट्स में रखा 290.4 टन गोल्ड घटकर 140.4 टन रह गया है।
अगर आपके मन में ये सवाल है कि जब सोना भारत का है तो इसे लंदन या स्विट्जरलैंड के बैंकों में क्यों रखा जाता है? तो इसके पीछे लॉजिस्टिक्स और ट्रेडिंग के कुछ पुराने नियम हैं। दुनियाभर का सबसे बड़ा गोल्ड ट्रेडिंग हब लंदन का बुलियन मार्केट है। जब भी कोई देश इंटरनेशनल मार्केट से सोना लेता है तो उसे अपने देश लाने में भारी ट्रांसपोर्ट चार्ज देना होता है। साथ ही सिक्योरिटी रिस्क भी रहता है। इसलिए ज्यादातर देश अपना कुछ सोना बैंक ऑफ इंग्लैंड में ही रख देते हैं।
इसके अलावा, यदि इमरजेंसी में किसी देश को पैसे की जरूरत होती है तो विदेश में रखे सोने को गिरवी रखकर तुरंत विदेशी मुद्रा जुटाना भी आसान होता है।
इस वक्त दुनियाभर में बढ़ती जियोपॉलिटिकल टेंशन के बीच आरबीआई सोने की कस्टडी अपने पास रखना ज्यादा सुरक्षित मान रहा है। बता दें कि रूस और यूक्रेन के बीच जंग शुरू हुई तो पश्चिमी देशों ने रूस के विदेशी भंडार और सोने को फ्रीज कर दिया था।
अब भारत के पास सोना संभालने के लिए अपना वर्ल्ड-क्लास सिक्योरिटी और आधुनिक वॉल्ट्स हैं। ऐसे में विदेशों में स्टोरेज फीस देने की जरूरत नहीं है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, मार्च के 691.1 बिलियन डॉलर के मुकाबले सितंबर 2026 में देश का कुल फॉरेक्स रिजर्व बढ़कर 737.8 बिलियन डॉलर हो गया है।
जब कोई भी देश का सेंट्रल बैंक विदेशों से अपना सोना अपने देश में शिफ्ट करता है तो इस पूरे प्रोसेस को बेहद गोपनीय रखा जाता है। सुरक्षा कारणों से शिफ्टिंग की तारीख और रूट को सार्वजनिक नहीं किया जाता है और कभी भी गोल्ड की शिफ्टिंग एक साथ नहीं की जाती, यह अलग-अलग खेप में ट्रांसफर किया जाता है।
यह भी पढ़ें- Gold Silver Price Today: MCX पर चढ़े सोने-चांदी के भाव! दिल्ली से लेकर मुंबई तक में क्या चल रहा है आज का रेट