
बिजनेस डेस्क। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी की नई किताब 'Belonging: A Journey of Love' ने बाजार में आते ही बिक्री के सारे पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। किताब के प्रकाशक HarperCollins India के CEO अनंत पद्मनाभन के अनुसार, रिलीज के एक हफ्ते से भी कम समय में इस किताब की 2 लाख से ज्यादा कॉपियां बिक चुकी हैं। खास बात यह है कि रिलीज के दिन महज 10 मिनट के भीतर 15,000 से अधिक कॉपियां पाठकों तक पहुंच गई थीं। इतनी बंपर बिक्री के बाद अब हर किसी के मन में यही सवाल है कि आखिर इस किताब से सोनिया गांधी की कितनी कमाई हुई होगी आइए जानते हैं ।
हार्डकवर फॉर्मेट में छपी इस किताब में कुल 544 पेज हैं और इसकी MRP 1,299 रुपये रखी गई है। हालांकि, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर डिस्काउंट के साथ यह 1,000 रुपये से कम में भी मिल रही है।
यदि 2 लाख कॉपियों का हिसाब 1,299 रुपये की MRP के आधार पर लगाया जाए, तो महज सात दिनों में कुल 25.98 करोड़ रुपये (लगभग 26 करोड़) का कारोबार हुआ है।
भारत में हार्डकवर किताबों पर लेखकों को आमतौर पर 10 से 12.5 फीसदी तक रॉयल्टी मिलती है, जबकि बड़े नामों के मामले में यह 15 फीसदी तक जाती है। हालांकि, सोनिया गांधी और प्रकाशक के बीच हुए कॉन्ट्रैक्ट की शर्तें सार्वजनिक नहीं हैं।
सामान्य दरों के हिसाब से देखें, तो 10 फीसदी रॉयल्टी पर उन्हें करीब 2.60 करोड़ रुपये, 12.5 फीसदी पर 3.25 करोड़ रुपये और 15 फीसदी रॉयल्टी होने पर 3.90 करोड़ रुपये तक मिल सकते हैं।
यह भी पढ़ें- सहारा निवेशकों के लिए बड़ी खुशखबरी, 7 दिन में बैंक खातों में भेजे गए 221 करोड़ रुपये, ऐसे चेक करें अपना स्टेटस