
नईदुनिया प्रतिनिधि, रतलाम : बुधवार शाम यूएस डेटा आने के बाद सोना-चांदी के भाव में आए गिरावट के महाभूचाल ने अब तेजी की धारणा पूरी तरह ध्वस्त कर दी है। तूफानी गिरावट के चलते सराफा बाजार में अब चांदी दो लाख रुपये प्रतिकिलो और सोना 1.25 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के अंदर आने की अटकलें तेज हो गई है।
इससे ऊंचे भाव में खरीदी करने वाले कारोबारियों के साथ निवेशकों में खलबली मची हुई है। कोई भी गिरावट को ठीक से समझ नहीं पा रहा है और बाजार लगातार नीचे आ रहा है। बाजार के जानकारों का मत है कि आगामी दिनों में और अप्रत्याशित गिरावट होगी।
वर्तमान में नवरात्र से त्योहार की धूम शुरू हो गई है। इसके बाद भी बाजार में लगातार गिरावट का दौर चल रहा है। इससे सराफा में कामकाज की चाल भी ठंडी पड़ी है। व्यापारियों के अनुसार महंगे भाव में खरीदी करने वाले बिकवाली से बच रहे हैं, वहीं जरूरी खरीदी करने वाले भाव और नीचे आने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
चांदी अब हाजर में करीब 2.15 से 2.17 लाख और सोना 1.45 से 1.47 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास आ चुके हैं। बुधवार को एमसीएक्स पर सोना 146110 से 148631 रुपये के बीच कारोबार करते देखा गया। चांदी 210508 से 219482 रुपये के बीच कारोबार करती देखी गई। बुधवार को हाजर कारोबार में सोना 1.46 से 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रहा, जबकि चांदी 2.15 से 2.19 रुपये किलो पर आ गई। बिल कारोबार में सोना 150000 और चांदी 220000 रुपये रहे।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पाट गोल्ड 4079.80 से 4170.43 डालर और स्पाट सिल्वर 56.0135 से 59.3745 डालर के बीच कारोबार करते देखे गए। जनवरी में चांदी चार लाख रुपये किलो और सोना 1.82 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम से ऊपर पहुंचे थे। वर्तमान में चांदी करीब 1.85 लाख और सोना करीब 36 हजार रुपये तक नीचे आ चुके हैं।
सराफा व्यवसायी प्रतीक जैन और ऋषभ संघवी के अनुसार वैश्विक स्तर पर चल रहे घमासान का असर सोना-चांदी के भाव पर पड़ रहा है। क्रूड आइल (कच्चा तेल) जहां लगातार ऊंचाइयां छू रहा है, वहीं सोना-चांदी की कीमतें नीचे आ रही है। रोजमर्रा की वस्तुओं में महंगाई की आग लग रही है।
भाव में लंबे उतार-चढ़ाव समझ से परे हो गए हैं। वैश्विक स्तर पर स्थिति सामान्य नहीं होने तक वर्तमान व भविष्य में तेजी की संभावना कम ही नजर नहीं आ रही है। भाव में और गिरावट संभावना अधिक दिख रही है। इसी कारण से शादी-ब्याह व अन्य जरूरी खरीदी करने वाले बड़ी गिरावट का इंतजार कर रहे हैं।
व्यवसायी शुभम मूणत ने बताया कि बुधवार शाम छह बजे यूएस डेटा जारी होते ही सोना-चांदी की कीमतें औंधे मुंह गिर गई। एमसीएक्स पर चांदी में आठ से नौ हजार रुपये प्रतिकिलो और सोना में दो से ढाई हजार रुपये प्रति 10 ग्राम की तेज गिरावट से बाजार में भूचाल आ गया। इससे अब सोना-चांदी की कीमतें ऊपर जाने की धारणा पर ब्रेक लग गया है। लगातार गिर रहे बाजार से दोनों धातुओं की कीमत गत वर्ष के समकक्ष आने की स्थिति बन रही है। वर्ष 2025 में 14 से 31 अक्टूबर के बीच सोना ने 1.24 से 1.32 लाख रुपये और चांदी ने 1.46 से 1.82 लाख रुपये तक कारोबार किया था।
| तारीख | चांदी | सोना |
| 14 अक्टूबर | 221600 | 150000 |
| 13 अक्टूबर | 224900 | 151900 |
| 12 अक्टूबर | 225600 | 151500 |
| 10 अक्टूबर | 228100 | 153800 |
| 09 अक्टूबर | 227100 | 153300 |
| 08 अक्टूबर | 223000 | 151600 |
| 07 अक्टूबर | 227100 | 151800 |
| 06 अक्टूबर | 223100 | 151600 |
| 05 अक्टूबर | 226100 | 151800 |
| 03 अक्टूबर | 226600 | 151500 |
| 02 अक्टूबर | 227100 | 152700 |
| 01 अक्टूबर | 226100 | 151600 |
| 30 सितंबर | 227900 | 151500 |
| 29 सितंबर | 229100 | 152000 |
(नोट : आरटीजीएस भाव चांदी प्रति किलो व सोना प्रति 10 ग्राम रुपये में)