
बिजनेस डेस्क। आज स्पाइसजेट की हालत इतनी खराब है कि फ्लाइट पर फ्लाइट रद्द हो रही है। कंपनी कर्ज में डूब चुकी है और दिवालिया होने के कगार पर आ गई है।
जिस एयरलाइन के बेड़े में 100 से ज्यादा फ्लाइट्स थीं, आज वह सिर्फ 13 विमानों के साथ उड़ान भर रही है।
DGCA ने स्पाइसजेट को नोटिस थमाकर फ्लाइटों में देरी और उड़ानों के रद्द होने पर जवाब मांगा है। 4,200 करोड़ रुपये से अधिक के कर्ज में डूबी स्पाइसजेट 36 करोड़ रुपये तक का इंतजाम नहीं कर पा रही है, जिसके चलते दुबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की चेक-इन सुविधा बंद कर दी गई है।
एसके मोदी ने प्राइवेट एयर टैक्सी सर्विस की शुरुआत की थी और साल 1993 में नाम बदलकर एमजी एक्सप्रेस रख दिया। साल 1994 में फिर से नाम बदलकर ModiLuft कर दिया गया। कंपनी ने जर्मनी की कंपनी लुफ्थांसा के साथ पार्टनरशिप की, जिसके तहत कंपनी ने एयरलाइन के पायलट उपलब्ध कराए और ट्रेनिंग दी। हालांकि यह साझेदारी ज्यादा दिन तक नहीं चल सकी और डील टूटने पर साल 1996 में ModiLuft को अपना परिचालन बंद करना पड़ा। करीब 10 साल बाद बिजनेसमैन अजय सिंह ने ModiLuft को खरीद लिया और साल 2005 में इसका नाम बदलकर स्पाइसजेट कर दिया गया।
24 मई 2005 को एयरलाइन ने दिल्ली से मुंबई के बीच पहली उड़ान भरी। अजय सिंह का मकसद स्पाइसजेट के जरिए सस्ते किराए पर लोगों को हवाई सफर करवाना था और साथ ही एयर इंडिया और इंडिगो जैसी कंपनियों के बीच लो-कॉस्ट एयरलाइन के तौर पर यात्रियों के बीच अपनी पहचान बनाना था और उन्होंने ऐसा कर भी दिखाया। देखते ही देखते साल 2008 में स्पाइसजेट देश की तीसरी सबसे बड़ी एविएशन कंपनी बन गई।
सन टीवी के मालिक कलानिधि मारन ने जून 2010 में स्पाइसजेट की 37.7 फीसदी हिस्सेदारी खरीद ली। साल 2010 में 750 करोड़ रुपये में यह सौदा हुआ। बाद में मारन ने अपनी हिस्सेदारी को 37.7 फीसदी से बढ़ाकर 58.46 फीसदी पर पहुंचा लिया, लेकिन वे स्पाइसजेट को संभाल नहीं पाए। कंपनी का घाटा बढ़ता चला गया और साल 2014 में स्पाइसजेट का लॉस 1,000 करोड़ रुपये और कर्ज 1,240 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। फ्यूल कंपनियों ने स्पाइसजेट के विमानों में ईंधन भरने से इनकार कर दिया और फ्लाइटें ग्राउंडेड हो गईं। कंपनी दिवालिया होने के कगार पर पहुंच चुकी थी और मारन परिवार किसी भी कीमत पर स्पाइसजेट में अपनी हिस्सेदारी बेचकर निकलना चाहता था। यहां से फिर से अजय सिंह की री-एंट्री हुई।
जनवरी 2015 में मारन फैमिली ने अपनी पूरी हिस्सेदारी अजय सिंह को बेच दी। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट्स के मुताबिक स्पाइसजेट के 58.46 फीसदी शेयर अजय सिंह ने 2015 में सिर्फ 2 रुपये में खरीदे थे। ऐसा पहली बार देखने को मिला था, जब किसी लिस्टेड कंपनी को 5 रुपये से भी कम में खरीदा गया।
साल 2012 में ग्लोबल क्रूड प्राइसेस के चलते स्पाइसजेट को 39 करोड़ रुपये का घाटा हुआ। क्रूड की कीमत 77 डॉलर पर पहुंच चुकी थी। मौजूदा हालात भी कुछ ऐसे ही हैं। ग्लोबल ऑयल प्राइस के बढ़ने से विमान कंपनियों के लिए ATF की कॉस्टिंग बढ़ रही है।
एयरलाइन स्टाफ को सैलरी तक नहीं दे पा रही है। इन सब फैक्टर्स ने स्पाइसजेट की हालत खराब कर दी है। कर्ज के साथ-साथ कानूनी केस ने भी कंपनी को कंगाली के रास्ते पर पहुंचा दिया। कलानिधि मारन की कंपनी काल एयरवेज और स्पाइसजेट के बीच साल 2015 से ही अधिग्रहण और फंड ट्रांजैक्शन को लेकर शुरू हुए कानूनी विवाद का आज तक निपटारा नहीं हुआ है।
यह भी पढ़ें- 2 पैन कार्ड रखने पर बुरी तरह फंसा गुजराती व्यापारी, इनकम टैक्स विभाग ने भेजा नोटिस