_m.webp)
बिजनेस डेस्क। स्पाइसजेट एयरलाइन इस वक्त संकट से जूझ रही है। कंपनी पर 4,200 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज है। अब उनके पास सिर्फ 13 फ्लाइटें रह गई हैं, जो चल रही हैं। हर दिन स्पाइसजेट की फ्लाइटें कैंसिल हो रही हैं, घंटों की देरी से चल रही हैं। बकाए के चलते कई एयरपोर्ट्स पर टेक-ऑफ और लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल रही है, जिस वजह से स्पाइसजेट की उड़ानें रद्द हो रही हैं, लेकिन टिकट बुकिंग को अब तक बंद नहीं किया गया है। फ्लाइटें उड़ेंगी या नहीं, यह पता ही नहीं है, लेकिन टिकटों की बिक्री जारी रखी गई है।
स्पाइसजेट दिवालियापन के कगार पर है। कंपनी के प्रमोटर ने 5,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्लान तैयार किया है, लेकिन अब तक किसी भी निवेशक ने पैसा लगाने में रुचि नहीं दिखाई है। दुबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की चेक-इन फैसिलिटी को बंद कर दिया गया है। मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु की 74% उड़ानें रद्द हैं। ऐसे में जब यह तय ही नहीं है कि फ्लाइट टेक-ऑफ करेगी या नहीं, टिकटों की बुकिंग जारी रखना यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।
फ्लाइट कैंसिल होने या देरी होने से यात्री एयरपोर्ट पर परेशान हो रहे हैं, जिससे भारी भीड़ हो रही है। टिकट रिफंड के लिए भी आपको महीनों तक का इंतजार करना पड़ सकता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि लगातार स्पाइसजेट की उड़ानें रद्द हो रही हैं, इसके बाद भी एयरलाइन की टिकट बुकिंग सुविधा को जारी क्यों रखा गया है।
.jpg)
स्पाइसजेट की वेबसाइट पर दिल्ली-दुबई और दिल्ली-मुंबई की 24 नवंबर की उड़ानों की बुकिंग बिना किसी चेतावनी के आसानी से हो रही है, जबकि इस रूट पर स्पाइसजेट की स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर है। अब तक इस रूट पर स्पाइसजेट की 8 से ज्यादा फ्लाइटें कैंसिल हुई हैं।
.jpg)
एविएशन जर्नलिस्ट अरिंदम मजूमदार ने ट्वीट किया है कि, "यह बस एक उदाहरण है कि स्पाइसजेट अब कैसे गलत तरीके से यात्रियों से पैसे कमा रही है। SG-5060 पिछले 7 दिनों से दुबई के लिए ऑपरेट नहीं कर रही है, क्योंकि दुबई एयरपोर्ट ने पेमेंट डिफॉल्ट के कारण ऑपरेशन सस्पेंड कर दिया है।" उन्होंने आगे कहा, "ऐसी कई फ्लाइट्स बिक्री के लिए खुली हैं, जिन्हें एयरलाइन चलाने का इरादा नहीं रखती थी।"
एक एंटरप्रेन्योर संजय बाफना ने ट्वीट कर बताया कि रोजाना लगभग 15 फ्लाइट्स चलाने के बावजूद, स्पाइसजेट अपने पूरे पब्लिश्ड टाइमटेबल के हिसाब से टिकट बेच रही थी।
.jpg)
एक और परेशान पैसेंजर ने शिकायत की कि "वह भी इसी जाल में फंसा था"। यूजर शिव कुमार ने कहा, "स्पाइसजेट ने मेरी SG-720 फ्लाइट दो बार कैंसिल कर दी, जिससे मेरा परिवार फंस गया। वे X पर चुप रहते हैं, हेल्पलाइन बंद हैं, जबकि OTA अपना पल्ला झाड़ लेता है।"
यह भी पढ़ें- SpiceJet: कभी देश की तीसरी सबसे बड़ी एयरलाइन थी! आज 4,200 करोड़ के कर्ज में डूबी, जानें अर्श से फर्श तक की पूरी कहानी