
बिजनेस डेस्क। भारतीय शेयर मार्केट में लगातार चली आ रही दो दिन की तेजी के बाद आज 27 नवंबर 2026 को ब्रेक लगता हुआ नजर आ रहा है। मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच शुक्रवार को बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 235 अंक टूटकर 84,093 के स्तर पर खुला। वहीं, एनएसई के 50 शेयरों वाले बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी ने आज के कारोबार की शुरुआत 45 अंकों की गिरावट के साथ 25,839 के लेवल से की है।
इससे पहले गुरुवार, 26 नवंबर को दलाल स्ट्रीट में लगातार दूसरे सत्र में तेजी देखने को मिली थी।
बीएसई सेंसेक्स 390 अंक यानी 0.46 प्रतिशत की बढ़त के साथ 84,328 के स्तर पर बंद हुआ था। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 65 अंक यानी 0.25 प्रतिशत चढ़कर 25,884 के लेवल पर बंद हुआ था।
गिफ्ट निफ्टी (GIFT Nifty): सुबह 8:30 बजे गिफ्ट निफ्टी 25,956 के स्तर के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद के मुकाबले 76 अंक से अधिक नीचे था। इसने पहले ही बाजार की नकारात्मक शुरुआत के संकेत दे दिए थे।
अमेरिकी बाजार (Wall Street): गुरुवार को थैंक्सगिविंग (Thanksgiving) के कारण अमेरिकी शेयर बाजार बंद रहा। इससे पहले बुधवार को वॉल स्ट्रीट के प्रमुख सूचकांक काफी नीचे बंद हुए थे।
एशियन मार्केट: शुक्रवार को एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख देखने को मिल रहा है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.6 प्रतिशत बढ़ा, जबकि टेक-हेवी स्मॉल-कैप कोस्डैक में 1.63 प्रतिशत की तेजी दर्ज की जा रही है। इस दौरान LG एनर्जी सॉल्यूशन 2.32 प्रतिशत की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा था, जबकि सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स 0.41 प्रतिशत, SK हाइनिक्स 1.90 प्रतिशत, सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स के प्रेफरेंस शेयर 0.29 प्रतिशत और एसके स्क्वायर 1.69 प्रतिशत की गिरावट में थे। दूसरी ओर जापान के निक्केई 225 ने बढ़त के साथ शुरुआत की, लेकिन जल्द ही लाल निशान में फिसलकर 57,495.42 के स्तर पर आ गया।
यह भी पढ़ें- Gold Price Today: कल की तेजी के बाद आज सोने के दाम में मामूली गिरावट! MCX से लेकर सराफा बाजार तक बदली कीमतें