
बिजनेस डेस्क। आपको क्या लगता है एक चाय बेचने वाला कितना कमाता होगा, 10 हजार, 15 हजार या ज्यादा से ज्यादा 20 हजार, यही ना। आज हम आपको एक ऐसे चाय बेचने वाले दुकानदार से मिलवाने जा रहे हैं, जिसकी कमाई सुनकर आपके पैरों तले जमीन खिसक जाएगी।
10 रुपये की चाय बेचकर कोई कितना ही कमा लेगा, हम अक्सर ऐसा ही सोचते हैं। लेकिन आज हम आपको जिस चाय वाले के बारे में बताने जा रहे हैं, उसने कमाई के मामले में एक से एक को पीछे छोड़ दिया है।
एक दुकानदार सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसका दावा है कि वह चाय बेचकर हर महीने 8-9 लाख रुपये का कारोबार करता है। इसे कंटेंट क्रिएटर आयुष गोस्वामी ने अपने अकाउंट आयुष स्टार्टअप (ayushstartup) पर पोस्ट किया है।
शर्मा कैफे रेस्टोरेंट के नाम से चाय की दुकान चलाने वाले इस शख्स ने वीडियो में अपने कारोबार और सफलता के बारे में बताया है। उनका कहना है कि वह हर दिन करीब 3000 कप चाय बेचते हैं। एक कप चाय की कीमत 10 रुपये है, यानी रोजाना करीब 30,000 रुपये तक की रकम आती है। इसका मतलब 30 दिनों में यह रकम करीब 9 लाख रुपये तक पहुंच जाती है।
हालांकि, यह कारोबार की कुल बिक्री है, न कि शुद्ध मुनाफा। इसमें चायपत्ती, दूध, चीनी, कर्मचारियों की सैलरी, दुकान का किराया, बिजली और दूसरे खर्च भी हैं। उनके यहां करीब 30-35 लोग काम करते हैं और उनकी यह दुकान पिछले 55-56 साल से चल रही है।
बातचीत के दौरान आयुष गोस्वामी ने दुकानदार से पूछा कि क्या युवा कम पैसे लगाकर बड़ा कारोबार खड़ा कर सकते हैं? तो इस पर दुकानदार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कारोबारी एलन मस्क का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को नीचे से शुरुआत करके आगे बढ़ना पड़ता है। जैसे कि नरेंद्र मोदी कभी चाय बेचते थे और आज देश के प्रधानमंत्री हैं। वहीं, एलन मस्क कभी एक सेल्समैन हुआ करते थे और आज कई बड़ी कंपनियों से जुड़े हैं।
उनका कहना है कि कारोबार में सफलता पाने के लिए बहुत पैसा होने की जरूरत नहीं है। लगातार मेहनत करना, सीखते रहना और सही दिशा में काम करने से भी आगे बढ़ा जा सकता है।