
बिजनेस डेस्क। मध्य प्रदेश के हरदा जिले के किसान मधुसूदन धाकड़ ने खेती में नया मुकाम हासिल किया है। मधुसूदन धाकड़ सिर्फ 10वीं पास हैं, इसके बावजूद वह अच्छी-खासी कमाई कर रहे हैं।
मधुसूदन धाकड़ ने 200 एकड़ जमीन पर टमाटर, लहसुन, मिर्च, शिमला मिर्च और अदरक जैसी फसलें उगाकर करोड़ों की कमाई की है।
मधुसूदन धाकड़ एक किसान परिवार से आते हैं और उनके पिता भी पारंपरिक खेती करते थे। छोटी उम्र से ही उन्हें खेती-बाड़ी का अच्छा अनुभव हो गया था। जमीन के प्रति अपने लगाव और पारिवारिक विरासत को आगे बढ़ाने की चाहत ने उन्हें खेती से जोड़े रखा।
मधुसूदन ने शुरुआत में पारंपरिक खेती के तरीकों को अपनाया। इसके बाद जैसे-जैसे खेती की तकनीकें बदलीं और बाजार की मांग में बदलाव आया, उन्होंने नए तरीके अपनाना शुरू किया। उन्होंने बागवानी की ओर रुख किया और आज वह अपनी 200 एकड़ जमीन में से 130 एकड़ में बागवानी करते हैं।
40 एकड़ में मिर्च की खेती पर लगभग 70,000 रुपये प्रति एकड़ खर्च आता है और उन्हें 150 से 200 क्विंटल प्रति एकड़ की पैदावार मिलती है, जिससे लगभग 3 लाख रुपये प्रति एकड़ की आय होती है।
शिमला मिर्च की फसल
25 एकड़ में फैली शिमला मिर्च की खेती पर 1 लाख रुपये प्रति एकड़ खर्च आता है, जिससे उन्हें 300 से 400 क्विंटल प्रति एकड़ की पैदावार मिलती है और 6 लाख रुपये तक की कमाई होती है।
टमाटर की फसल
50 एकड़ में टमाटर की खेती पर 1 लाख रुपये प्रति एकड़ खर्च करके, उन्हें 1000 से 1200 क्विंटल प्रति एकड़ की पैदावार मिलती है, जिससे लगभग 3 लाख रुपये प्रति एकड़ की आय होती है। उन्होंने एक साल में 8 करोड़ रुपये के टमाटर बेचे थे, जिसके बाद एमपी के पूर्व कृषि मंत्री कमल पटेल उनका इंटरव्यू लेने पहुंच गए थे। उन्हें 'एमपी का टोमैटो किंग' भी कहा जाता है।
यह भी पढ़ें- Chattisgarh की इस बेटी ने टमाटर बेचकर खड़ा कर दिया करोड़ों का साम्राज्य
लहसुन की फसल
15 एकड़ में फैली लहसुन की खेती पर 2 लाख रुपये प्रति एकड़ खर्च आता है और 7 लाख रुपये प्रति एकड़ की कमाई होती है।
मधुसूदन की खुद की नर्सरी भी है, जहां वह 20 लाख से ज्यादा पौधे उगाते हैं।
मधुसूदन ने दिखा दिया है कि सफलता के लिए सिर्फ बड़ी डिग्री की नहीं, बल्कि लगन और मेहनत से हम कुछ भी हासिल कर सकते हैं।