
बिजनेस डेस्क। भगवान श्री राम की जन्मस्थल अयोध्या से लेकर माता सीता के मायके यानी नेपाल के जनकपुर तक का सफर अब बेहद आसान हो गया है। दोनों धार्मिक नगरों के बीच सीधा रेलवे सफर शुरू हो गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने सोमवार को ऑनलाइन माध्यम से कमला-सरयू एक्सप्रेस को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाई थी। यह साप्ताहिक ट्रेन अयोध्या कैंट और जनकपुर धाम के बीच 604 किलोमीटर की दूरी तय करती है। बता दें कि यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के कई प्रमुख शहरों और कस्बों से होकर गुजरती है।
वाल्मीकि रामायण के अनुसार, राजा दशरथ को राम बारात लेकर अयोध्या से मिथिला (जनकपुर) पहुंचने में 4 दिन लगे थे, लेकिन अब यह दूरी महज 19 घंटे में पूरी हो जाएगी। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 स्टेशनों पर रुकेगी।
सरयू-कमला एक्सप्रेस में यात्रियों को कई आधुनिक सुविधाएं दी गई हैं। इसमें 8 एसी कोच होंगे, जिनमें 2 एसी, 3 एसी और एसी 3-टियर इकोनॉमी कोच शामिल होंगे। इसके अलावा 7 स्लीपर कोच, एक दिव्यांग फ्रेंडली LSLRD कोच और एक पावर कार यानी लगेज वैन होगी। इस ट्रेन में यात्रियों की कुल क्षमता 1,100 होगी। बता दें कि इस ट्रेन में कोई जनरल कोच नहीं है, इसलिए यात्रा के लिए कन्फर्म रिजर्वेशन जरूरी है।
कमला-सरयू एक्सप्रेस हर सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन मंगलवार को दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम पहुंचेगी। रास्ते में यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के कई रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी।
अब अगर आपने नेपाल जाने का मन बना लिया है, तो पहले जान लीजिए कि इसमें कुल कितना खर्च आएगा।
नेपाल में 1 भारतीय रुपया (INR) 1.60 नेपाली रुपये (NPR) के बराबर होता है, यानी नेपाल में भारतीय करेंसी की वैल्यू लगभग 60% ज्यादा है।
अगर आप भारत से 10,000 रुपये लेकर जाते हैं, तो नेपाल में इसकी वैल्यू 16,000 नेपाली रुपये होगी। बता दें कि नेपाल में 100 रुपये के भारतीय नोट हर जगह आसानी से चल जाते हैं। लेकिन भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) और नेपाल राष्ट्र बैंक के नियमों के अनुसार, 200 और 500 रुपये के भारतीय नोट नेपाल ले जाने या वहां चलाने पर प्रतिबंध है।
होटल में 9 रातें रुकने के लिए 10,000 से 15,000 रुपये और 10 दिन खाने-पीने के लिए 6,000 से 8,000 रुपये का खर्च आ सकता है। इसके अलावा घूमने-फिरने के लिए 3,000 से 4,500 रुपये तथा सिम कार्ड व शॉपिंग के लिए 2,500 से 3,500 रुपये का बजट मानकर चलें।
इसका मतलब आपकी 10 दिन की नेपाल यात्रा का कुल खर्च करीब 28,700 से 41,200 भारतीय रुपये होगा।
यह भी पढ़ें- Jensen Huang, स्टीव जॉब्स से लेकर नारायणमूर्ति तक, अपनी ही कंपनी से बाहर होने के बाद किया जोरदार कमबैक