
बिजनेस डेस्क। दिग्गज कारोबारी घराना TVS ग्रुप के वेणु श्रीनिवासन के परिवार में संपत्ति को लेकर छिड़ा विवाद अब अदालत तक पहुंच गया है। TVS मोटर कंपनी के चेयरमैन की बेटी लक्ष्मी वेणु ने मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर करके अपनी संपत्ति में बंटवारे की मांग की है।
लक्ष्मी वेणु ने 16 नवंबर 2026 को अपने पिता को संपत्ति बंटवारे के संबंध में कानूनी नोटिस भेजा था। इस नोटिस में उन्होंने परिवार के मुखिया के तौर पर पिता से अपनी जिम्मेदारियां निभाने और संयुक्त पारिवारिक संपत्ति में उनके अधिकार को मान्यता देने की मांग की थी। लक्ष्मी का कहना था कि बातचीत के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिशों के बावजूद कोई ठोस नतीजा नहीं निकला, जिसके बाद उन्हें अदालत का रुख करना पड़ा।
बुधवार को जारी एक बयान के मुताबिक, वेणु श्रीनिवासन की ओर से नोटिस का जो जवाब दिया गया, उसमें उनके रुख में कोई बदलाव नहीं आया और न ही लक्ष्मी के दावों को स्वीकार किया गया।
वेणु श्रीनिवासन की बेटी लक्ष्मी ने अदालत से परिवार की संपत्तियों और उनसे जुड़े आर्थिक हितों के बंटवारे के साथ-साथ संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने की भी मांग की है। उनका आरोप है कि बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उन्हें परिवार की संपत्तियों से जुड़े जरूरी दस्तावेज नहीं दिए गए।
इससे पहले वेणु श्रीनिवासन ने कहा था कि परिवार के भीतर बंटवारे की प्रक्रिया खुले और पारदर्शी तरीके से पूरी की गई थी। ये फैसला परिवार के सदस्यों की जानकारी और उनसे विचार-विमर्श के बाद लिया गया था। उन्होंने कहा था कि कारोबार और संपत्तियां उनकी हैं और परिवार के सदस्यों तथा कारोबार के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें फैसला लेने की पूरी स्वतंत्रता है। वेणु श्रीनिवासन ने कहा था कि इसी सोच के तहत उन्होंने लक्ष्मी और सुदर्शन के बीच अलगाव किया था, बता दें कि सुदर्शन श्रीनिवासन वेणु श्रीनिवासन के बेटे हैं।
लक्ष्मी की मां मल्लिका श्रीनिवासन खुलकर बेटी का समर्थन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लक्ष्मी को कानूनी नोटिस मिलने के जवाब में उनके वैध अधिकारों को मान्यता नहीं दी गई और आपसी सहमति से समाधान की दिशा में कोई प्रगति नहीं हुई। ऐसे में लक्ष्मी को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए अदालत जाना पड़ा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, TVS परिवार में संपत्ति विवाद की शुरुआत अक्टूबर में सार्वजनिक रूप से सामने आई थी। उस दौरान लक्ष्मी और मल्लिका ने कहा था कि साल 2020 में पूरे TVS परिवार के बीच हुए बंटवारे और उसके बाद लागू की गई व्यवस्था से वेणु श्रीनिवासन के परिवार के अंदर संपत्ति के आर्थिक अधिकारों का मामला नहीं सुलझा था।
दोनों का कहना था कि उनके परिवार के भीतर संपत्तियों का पारदर्शी वैल्यूएशन और सहमति के आधार पर बंटवारा नहीं हुआ है। किसी मेंबर को कंपनी में प्रबंधन की जिम्मेदारी या पद मिलना और परिवार की संपत्ति में मालिकाना हक मिलना, दोनों अलग-अलग बातें हैं।
अक्टूबर में वेणु श्रीनिवासन, उनकी पत्नी मल्लिका, बेटी लक्ष्मी और बेटे सुदर्शन वेणु ने चेन्नई की सिटी सिविल कोर्ट और कमर्शियल कोर्ट में कैविएट दाखिल की थीं।
यह भी पढ़ें- एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस के बीच हुई बड़ी डील! अब एक ही ग्रुप के तहत मिलकर उड़ान भरेंगी दोनों एयरलाइंस