
बिजनेस डेस्क, नई दिल्ली। बेहतरीन और मानक सड़कों (Standard Roads) का निर्माण हमेशा से एक महंगा सौदा रहा है, जिसमें उच्च गुणवत्ता वाली सामग्री और कुशल इंजीनियरों पर पानी की तरह पैसा बहाया जाता है। जब बात दुनिया की सबसे महंगी सड़क (World's Most Expensive Road) की आती है, तो अमूमन लोगों के दिमाग में अमेरिका, जापान, चीन या सिंगापुर जैसे आधुनिक देशों का नाम आता है। मगर आपको जानकर हैरानी होगी कि दुनिया का सबसे महंगा रोड एक बेहद कम आय वाले विकासशील पूर्वी अफ्रीकी देश युगांडा में स्थित है।
युगांडा के मध्य क्षेत्र में स्थित इस चार-लेन वाले टोल हाईवे को 'एंटेबे-कंपाला एक्सप्रेसवे' (Entebbe–Kampala Expressway) के नाम से जाना जाता है। कुल 51 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य साल 2012 में शुरू हुआ था और साल 2018 में इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस छोटे से एक्सप्रेसवे को बनाने में कुल 476 मिलियन डॉलर (लगभग 4,581 करोड़ रुपये) की भारी-भरकम लागत आई थी। इसका गणित निकाला जाए, तो इस हाईवे के महज एक किलोमीटर के निर्माण पर 9.2 मिलियन डॉलर (करीब 88.5 करोड़ रुपये) का चौंकाने वाला खर्च आया, जो इसे दुनिया की सबसे महंगी सड़क बनाता है।
इस एक्सप्रेसवे की लागत अधिक होने के पीछे इसकी जटिल बनावट है। इस 51 किलोमीटर के रास्ते में कुल 19 फ्लाईओवर और पुल शामिल हैं, जिनकी संयुक्त लंबाई 2,770 मीटर है। इसी एक्सप्रेसवे पर 'नाम्बिगिरवा पुल' भी बना है, जो 1,400 मीटर से अधिक लंबा है। यह युगांडा के साथ-साथ पूरे पूर्वी अफ्रीका का सबसे लंबा चार-लेन वाला पुल है।
युगांडा सरकार के पास इस प्रोजेक्ट के लिए पर्याप्त बजट नहीं था, इसलिए उन्होंने चीन के साथ हाथ मिलाया। इस समझौते के तहत चीन के Exim Bank ने एक्सप्रेसवे के लिए 350 मिलियन डॉलर का भारी लोन दिया, जिसे चुकाने के लिए युगांडा को 40 साल का समय मिला है। प्रोजेक्ट की बची हुई 126 मिलियन डॉलर की राशि खुद युगांडा सरकार ने वहन की।
इस वर्ल्ड-क्लास एक्सप्रेसवे को बनाने का जिम्मा चीनी सरकारी कंपनी 'चाइना कम्युनिकेशंस कंस्ट्रक्शन कंपनी' (CCCC) को सौंपा गया था। प्रोजेक्ट मैनेजर के अनुसार, पूरी तरह से चाइनीज स्टैंडर्ड पर डिजाइन किया गया यह एक्सप्रेसवे युगांडा में भविष्य के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए नई तकनीक और अनुभव लेकर आया है।
यह भी पढ़ें- पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों से हैं परेशान? ये 2 क्रेडिट कार्ड हर महीने कराएंगे बंपर बचत!