
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिश्रामपुर : एसईसीएल के कोयला खदान क्षेत्रों में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं और कीमती मशीनरी के कलपुर्जों की हो रही चोरी पर अंकुश लगाने के लिए अब सुरक्षा का नया मोर्चा खोलने की तैयारी है। कोयला संपदा और खदानों में स्थापित करोड़ों रुपये के उपकरणों की सुरक्षा को लेकर गंभीर हुई एसईसीएल ने बिश्रामपुर और बैकुंठपुर क्षेत्र में छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (सीएसआईएसएफ) के 120 सशस्त्र जवानों की तैनाती का निर्णय लिया है। इसके लिए कंपनी मुख्यालय बिलासपुर ने सुरक्षा बल के साथ अनुबंध किया है।
जवानों की पहली टुकड़ी 15 नवंबर को बिश्रामपुर पहुंचेगी। यहां से आवश्यकता के अनुसार कुछ जवानों को बैकुंठपुर क्षेत्र में भी तैनात किया जाएगा। दरअसल, बिश्रामपुर कोयलांचल में लंबे समय से कोयला चोरी के साथ खदानों में उपयोग होने वाली कीमती मशीनरी, विद्युत उपकरणों, केबल और अन्य कलपुर्जों की चोरी की घटनाएं सामने आती रही हैं।
खदानों और उपक्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पहले से ही त्रिपुरा स्टेट राइफल्स बटालियन के जवान तैनात हैं, लेकिन इसके बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश नहीं लग पाया है। खदान परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय चोरों के कारण कंपनी को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। ऐसे में मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था के साथ एक अतिरिक्त सशस्त्र सुरक्षा बल की तैनाती को महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
प्रस्तावित व्यवस्था के तहत 120 जवानों की तैनाती बिश्रामपुर और बैकुंठपुर दोनों क्षेत्रों में की जाएगी। जवानों के ठहरने और आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए बिश्रामपुर क्षेत्र की कुमदा कालोनी में कैंप तैयार किया गया है। 15 नवंबर को जवानों के पहुंचने के बाद यहीं से दोनों क्षेत्रों में सुरक्षा बल की तैनाती और जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जाएगा। जरूरत के मुताबिक जवानों को संवेदनशील खदानों, कोयला भंडारण स्थलों और अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा में लगाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में नो-एंट्री की आड़ में दौड़ रहे भारी वाहन: दोपहर की छूट का दुरुपयोग, खतरे में जान
पुरानी व्यवस्था के बावजूद नहीं थमी चोरी
बिश्रामपुर क्षेत्र में पहले से त्रिपुरा स्टेट राइफल्स की तैनाती के बावजूद चोरी की घटनाएं जारी रहना सुरक्षा व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती रही है। खदानों में उपयोग होने वाले कीमती कलपुर्जों की चोरी से न केवल कंपनी को आर्थिक क्षति होती है, बल्कि उत्पादन और खनन गतिविधियां भी प्रभावित होने की आशंका रहती है। ऐसे में नए सुरक्षा बल की तैनाती से निगरानी व्यवस्था मजबूत होने और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा बढ़ने की उम्मीद है।
अब कार्रवाई और निगरानी पर रहेगी नजर
120 सशस्त्र जवानों की तैनाती से कोयला खदान क्षेत्रों में सुरक्षा का नया ढांचा तैयार होने जा रहा है। हालांकि, इस व्यवस्था की वास्तविक सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि जवानों की तैनाती कितने संवेदनशील स्थानों पर की जाती है और चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी व कार्रवाई कितनी प्रभावी होती है।
कोयला चोरी के साथ मशीनरी और कलपुर्जों की चोरी पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बल, एसईसीएल प्रबंधन और स्थानीय पुलिस के बीच बेहतर समन्वय भी जरूरी होगा। फिलहाल 15 नवंबर को सुरक्षा बल के पहुंचने के साथ ही बिश्रामपुर और बैकुंठपुर के कोयला क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।