
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: अंबिकापुर के गांधी स्टेडियम प्रवेश द्वार के बगल में धनवंतरि जेनेरिक दवा दुकान के सामने सीढ़ियों पर बैठे-बैठे एक युवक लुढ़क गया। थोड़ी ही देर में युवक की मौत हो गई। युवक शहर में घूम-घूम कर मांग कर खाता था।
मुंह में था निवाला, हाथ था जूठा, भोजन करते-करते ही हुई मौत, ठंड से मौत की भी आशंका
घटना के ठीक पहले वह प्लास्टिक में रखा भोजन कर रहा था। उसके मुंह में निवाला था और हाथ भी जूठा था।युवक की पहचान नहीं हो सकी है। उसने शर्ट तथा पेंट पहन रखा था। शरीर में गर्म कपड़े नहीं थे। इसलिए ठंड से भी मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है, क्योंकि जब युवक की सांसें थमी तो धूप निकल चुकी थी और वह आराम से बैठा था।
सुबह लगभग साढ़े आठ बजे धनवंतरि मेडिकल स्टोर्स के कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे तो युवक को ठीक सामने सीढ़ियों पर बैठे देखा। उसे किनारे बैठने की सलाह दी गई ताकि ग्राहकों को परेशानी न हो, लेकिन युवक वहां से नहीं हटा। थोड़ी ही देर में युवक सीढ़ियों में ही लुढ़क गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो दुकान में लगे सीसी कैमरे में भी कैद हो गया है।
सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घुमंतू लोगों से युवक के संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की गई, लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। पंचनामा के बाद युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।आशंका यह भी है कि कड़ाके की ठंड में रात में खुले में सो जाने के कारण भी तबीयत बिगड़ी हो।
हालांकि घटनास्थल के ठीक बगल में नेकी की दीवार का शेड है। यहां पुराने कपड़े भी रहते हैं। युवक वहां सोया था या नहीं, इसकी जांच सीसी कैमरों से की जा रही है। मौत का पूरा घटनाक्रम सीसी कैमरे में कैद हुआ है।सरगुजा में पिछले दो दिनों से ज्यादा ठंड पड़ रही है। सर्द रात में शराब के नशे में खुले में पड़े रहने से भी मौत होती है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है कि युवक की मौत ठंड से हुई, बीमारी से हुई या फिर कोई और कारण था।
उत्तरी सर्द हवाओं के कारण सरगुजा संभाग के सभी जिले शीतलहर की चपेट में हैं। पिछले तीन दिनों में ही न्यूनतम तापमान में 7.8 डिग्री सेल्सियस की बड़ी गिरावट दर्ज की गई है।
सरगुजा अंचल में शीतलहर जैसे हालात: अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 11.4 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच गया है, जबकि सामरी, मैनपाट और बलरामपुर क्षेत्रों में पारा 6 से 8 डिग्री के बीच गोता लगा रहा है। प्रदेश में 11 साल बाद नवंबर माह में ऐसी कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार गुरुवार को बलरामपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां रात का पारा सामान्य से 3.7 डिग्री कम 8.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रारोड में तापमान 10.8 डिग्री (सामान्य से 3.4 डिग्री कम) रहा।
मैदानी इलाकों में दुर्ग व बिलासपुर का हाल: प्रदेश के मैदानी इलाकों में दुर्ग सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 डिग्री गिरकर 12.9 डिग्री पर आ गया है। इधर बिलासपुर में भी सीजन की सबसे सर्द रात रही और गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री तथा अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ठंड से बचने के लिए लोग रात में अलाव और सुबह धूप का सहारा ले रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक न्यूनतम तापमान स्थिर रहने के संकेत दिए हैं।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में टाइगर रिजर्व का MEE मूल्यांकन पूरा, इको-पर्यटन बढ़ाने और रोजगार के दिए सुझाव