नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व की समृद्ध जैव-विविधता और विशिष्ट पारिस्थितिक तंत्र का क्षेत्रीय मूल्यांकन किया गया। पांच दिन तक प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन दल (केंद्रीय टीम) ने टाइगर रिजर्व के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर संरक्षण प्रबंधन, संसाधन प्रबंधन, मैदानी कार्यप्रणाली और संरक्षण के परिणामों का वैज्ञानिक आकलन किया।
दल ने बाघों की बढ़ती संख्या, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास, विविध वनस्पतियों और जीव-जंतुओं की सराहना की। साथ ही इको-पर्यटन के विस्तार, स्थानीय समुदायों के लिए वैकल्पिक आजीविका और रोजगार सृजन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
यह मूल्यांकन पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय भारत सरकार और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया। इसका उद्देश्य टाइगर रिजर्व में संरक्षण प्रबंधन की प्रभावशीलता को परखना और भविष्य की रणनीति को और मजबूत करना है।
नवंबर 2024 में देश के 56वें टाइगर रिजर्व के रूप में अधिसूचित गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व में प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन दल ने पिंगला, जनकपुर, रामगढ़ और सोनहत परिक्षेत्र का भ्रमण किया। दल ने हाथी बचाव केंद्र, कुमकी हाथियों और महावतों, बाघ खोजी दल, श्वान दस्ता, अत्याधुनिक अवरोधक, गश्ती शिविरों, बाघ बाड़ा, घास मैदान प्रबंधन तथा मृदा और जल संरक्षण कार्यों का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
रामगढ़ में दल ने पर्यावरण विकास समिति के सदस्यों और पर्वतारोहण दल से संवाद किया। इस दौरान सामुदायिक सहभागिता, स्थानीय रोजगार और प्रकृति आधारित इको-पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा हुई। सोनहत क्षेत्र में पैदल गश्त करने वाले रक्षकों और अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों से संवाद किया गया तथा बालमगढ़ी प्रकृति पगडंडी (नेचर ट्रेल) का निरीक्षण किया गया।बालमगढ़ी में प्राचीन किले के अवशेष भी मिले हैं।
प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन दल ने टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघों की बढ़ती संख्या और बाघ संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों, समृद्ध जैव-विविधता, विशिष्ट पारिस्थितिक तंत्र, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और क्षेत्र में मौजूद विविध वनस्पतियों और जीव-जंतुओं की सराहना की। साथ ही वर्तमान प्रबंधन पद्धतियों, उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग, अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों की सक्रिय भूमिका और विभिन्न संरक्षण गतिविधियों की भी सराहना की।
दल ने इको-पर्यटन के विस्तार, स्थानीय समुदायों के लिए वैकल्पिक आजीविका और रोजगार सृजन, प्रकृति आधारित पर्यटन और सामुदायिक सहभागिता को और बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण और व्यापक सुझाव भी दिए। टीम के सदस्यों ने पिछले दो दिनों में मुख्य वन संरक्षक वन्यप्राणी डा प्रणय मिश्रा के साथ उनके कार्यालय में प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन दस्तावेज के आधार पर समीक्षा की।
डा मिश्रा ने बताया कि यह प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व में अब तक किए जा रहे संरक्षण और संसाधन प्रबंधन के प्रयासों को और मजबूत करने तथा बाघ संरक्षण, जैव-विविधता, समुदाय आधारित आजीविका और टिकाऊ इको-पर्यटन के लिए भविष्य की रणनीति तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।