अंतरराज्यीय नशा तस्करी पर बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक: CG-UP बॉर्डर पर 16 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में गांजा जब्त
छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश बॉर्डर पर बसंतपुर थाना पुलिस ने भोर में एक बड़ी अंतरराज्यीय गांजा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर ...और पढ़ें
Publish Date: Fri, 12 Jun 2026 11:15:37 AM (IST)Updated Date: Fri, 12 Jun 2026 11:15:37 AM (IST)
उड़ीसा से लोड कर यूपी ले जाई जा रही थी गांजे की खेप, तौल जारीHighLights
- पुलिस ने अंतरराज्यीय सीमा पर घेराबंदी कर इस बड़ी तस्करी को किया नाकाम।
- पाउडर की बोरियों के नीचे छिपाया था 50 बोरी से ज्यादा गांजा।
- उड़ीसा से कई जिले पार कर यूपी सीमा तक पहुंचा गांजे का ट्रक।
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर शुक्रवार की भोर में बसंतपुर पुलिस ने गांजा लोड 16 चक्का ट्रक को पकड़ लिया। प्रारंभिक जांच में ट्रक से 50 से अधिक बोरियों में गांजा बरामद हुआ है। बरामद मादक पदार्थ की वास्तविक मात्रा का निर्धारण तौल के बाद किया जाएगा। पुलिस ने प्रकरण में दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पूरे नेटवर्क और अन्य संभावित आरोपितों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह लगभग तीन बजे बसंतपुर पुलिस छत्तीसगढ़-उत्तरप्रदेश सीमा पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस की कार्रवाई के दौरान चालक और क्लीनर के हावभाव संदिग्ध लगे, जिसके बाद ट्रक की गहन जांच की गई। जांच में सामने आया कि ट्रक के निचले हिस्से में बड़ी मात्रा में गांजा छिपाकर रखा गया था, जबकि उसे छिपाने के उद्देश्य से ऊपर प्लास्टिक की बोरियों में पाउडरनुमा सामग्री लोड की गई थी।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जब्ती की कार्रवाई शुरू कराई गई। पुलिस ने मामले में लोकेश कुमार निवासी सहारनपुर (उत्तरप्रदेश) तथा आमिर।निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तरप्रदेश) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गांजे की खेप ओडिसा के सोनपुर क्षेत्र से ट्रक में लोड की गई थी और उसे उत्तरप्रदेश की ओर ले जाया जा रहा था। वाड्रफनगर एसडीओपी रामवतार ध्रुव ने बताया कि ट्रक से बरामद गांजे की तौल कराई जा रही है। तौल पूरी होने के बाद ही बरामद मात्रा और उसकी अनुमानित कीमत के संबंध में अधिकृत जानकारी दी जाएगी।
पांच माह पुराने प्रकरण से भी जुड़ रहे तार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार गिरफ्तार आरोपित लोकेश कुमार का नाम करीब पांच माह पूर्व पकड़ी गई एक अन्य गांजा तस्करी के मामले में भी सामने आया था। उस समय बलरामपुर पुलिस ने एक ट्रक से लगभग 12 क्विंटल गांजा जब्त किया था और तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया था। जांच में सहारनपुर निवासी लोकेश कुमार को तस्करी का मुख्य सरगना तथा ट्रक का मालिक बताया गया था, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।
बताया जा रहा है कि साइबर सेल से प्राप्त इनपुट के आधार पर पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। सूचना मिली थी कि वह ओडिसा से सरगुजा मार्ग होते हुए बलरामपुर की ओर आ रहा है, जिसके बाद सीमा पर सघन जांच अभियान चलाया गया और वह ट्रक सहित पुलिस के हत्थे चढ़ गया।संबंधित ट्रक ओडिसा से छत्तीसगढ़ में प्रवेश करने के बाद कई जिलों से गुजरते हुए उत्तरप्रदेश सीमा तक पहुंचा था।
बसंतपुर थाना, जो अंबिकापुर-बनारस मार्ग पर छत्तीसगढ़ का अंतिम थाना है, वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इस बड़ी खेप को जब्त कर लिया। यदि यहां ट्रक जब्त नहीं होता तो यह उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर जाता।पुलिस द्वारा प्रकरण का विस्तृत राजफाश और बरामद गांजे की आधिकारिक मात्रा तौल पूरी होने के बाद जारी किए जाने की संभावना है। प्रारंभिक तौर पर इसे बलरामपुर जिले में अब तक की सबसे बड़ी गांजा बरामदगी में से एक माना जा रहा है।