_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : बनारस मार्ग पर चंदौरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को तेज रफ्तार बोलेरो और कार के बीच आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में कार सवार छह शिक्षक घायल हो गए। इनमें तीन महिला और तीन पुरुष शिक्षक शामिल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर में प्राथमिक उपचार के बाद अंबिकापुर रेफर किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल सभी की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घायल सभी शिक्षक अंबिकापुर निवासी हैं और शासकीय स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल डाड़करवां में पदस्थ हैं। शुक्रवार को रोज की तरह स्कूल में अध्यापन कार्य पूरा करने के बाद सभी एक कार से अंबिकापुर लौट रहे थे। इसी दौरान चंदौरा थाना क्षेत्र में मुख्य मार्ग पर स्थित पुलिया पार करने के बाद सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत के बाद कार सड़क से उतरकर खेत में जा घुसी। हादसे के बाद कार सवार शिक्षकों के बीच चीख-पुकार मच गई।
घटनास्थल चंदौरा थाना से करीब छह सौ मीटर की दूरी पर था। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर पहुंचाया। इसी दौरान आत्मानंद स्कूल के प्रभारी प्राचार्य आशीष पटेल भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने भी कुछ घायलों को अपनी कार से अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इधर बोलेरो सवारों को भी मामूली चोट आई है। जिनका प्राथमिक उपचार किया गया है। चंदौरा पुलिस भी दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें- समंस तामिल कराने निकले आरक्षक की संदिग्ध मौत, हादसा या हार्ट अटैक पर गहराया रहस्य
एक शिक्षिका को गंभीर चोट, शिक्षक का पैर फ्रैक्चर
हादसे में घायल शिक्षकों की पहचान नेहा मिश्रा, तनु सिंह, सोनू प्रिया, पृथु तिवारी, अमित गुप्ता और कौस्तुभ गुप्ता के रूप में हुई है। इनमें शिक्षिका सोनू प्रिया को कमर के पास गंभीर चोट आई है। उनका सीटी स्कैन कराया गया है और चिकित्सकों ने सर्जरी की संभावना भी जताई है। वहीं शिक्षक पृथु तिवारी का एक पैर फ्रैक्चर बताया जा रहा है। शिक्षिका तनु सिंह व नेहा मिश्रा के सिर और चेहरे में चोट आई है तथा अन्य दो शिक्षकों को अंदरुनी चोटें आई हैं। सभी को बेहतर उपचार के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया है।