
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिश्रामपुर : कोयलांचल में सक्रिय कबाड़ चोरों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका अंदाजा शनिवार को हुई एक घटना से लगाया जा सकता है। दिनदहाड़े कापर केबल चोरी करने एसईसीएल के टीपी विद्युत सब स्टेशन में घुसा 19 वर्षीय युवक 11 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। करंट का जोरदार झटका लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चोरी की कोशिश में सब स्टेशन के विद्युत स्ट्रक्चर पर चढ़ा युवक वहीं लटका रहा। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में रेस्क्यू कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद शव को नीचे उतारा।
घटना शनिवार दोपहर करीब ढाई बजे की है। एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के रीजनल स्टोर के पीछे कंपनी का टीपी विद्युत सब स्टेशन स्थित है। शिवनंदनपुर के कबाड़ी मोहल्ला भातुपारा निवासी आदतन चोर आर्यन उर्फ पोकिया बरई (19 वर्ष), पिता कुमार बरई, अपने दो अन्य साथियों के साथ कॉपर केबल चोरी करने सब स्टेशन पहुंचा था।
बताया जा रहा है कि आर्यन सब स्टेशन परिसर में लगे विद्युत स्ट्रक्चर के बसबार पर चढ़कर 11 केवी लाइन के लाइटिंग अरेस्टर के नीचे लगे कॉपर केबल को काटने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान वह हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया। करंट लगते ही उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना को अपनी आंखों के सामने देखकर उसके दोनों साथी मौके से भाग निकले।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में चंगाई सभा की आड़ में मतांतरण का आरोप, विहिप ने केंद्रीय एजेंसियों से जांच की मांग उठाई
घटना की जानकारी मिलते ही एसईसीएल के संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की उपस्थिति में रेस्क्यू कर्मचारियों ने विद्युत सुरक्षा संबंधी आवश्यक प्रक्रिया के बाद स्ट्रक्चर पर फंसे युवक के शव को नीचे उतारा। इसके बाद शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिश्रामपुर की मर्च्युरी में सुरक्षित रखवा दिया गया। रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
चोर गिरोह के आगे बेबस सुरक्षा तंत्र
इस घटना ने एक बार फिर बिश्रामपुर कोयलांचल में सक्रिय कबाड़ चोरों और संगठित चोरी गिरोहों के बढ़ते दुस्साहस की पोल खोल दी है। एसईसीएल की विद्युत लाइनों, केबलों और अन्य बेशकीमती संसाधनों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि आए दिन चोरी की वारदातें होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर इसका कोई प्रभावी अंकुश नजर नहीं आ रहा।
कंपनी के संवेदनशील विद्युत प्रतिष्ठान तक चोरों की पहुंच और दिनदहाड़े चोरी की कोशिश सुरक्षा तंत्र की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है। अब एक युवक की जान जाने के बाद भी यदि सुरक्षा व्यवस्था नहीं सुधरी तो कोयलांचल में चोर गिरोहों के हौसले और बुलंद होना तय है।