
नईदुनिया प्रतिनिधि, रामानुजगंज: जिला स्तरीय जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। क्षेत्रीय लोक कलाकारों एवं करमा नृत्य दलों ने आयोजन में स्थानीय कलाकारों की अनदेखी किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से शिकायत की है। कलाकारों ने आदिम जाति विकास विभाग की सहायक आयुक्त को तत्काल पद से हटाने की मांग की है।
समस्त क्षेत्रीय कला नृत्य दल (करमा नृत्य), जिला की ओर से इस संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया है। जनजातीय लोकनृत्य महोत्सव जैसे सांस्कृतिक आयोजन में क्षेत्र के पारंपरिक लोक कलाकारों और करमा नृत्य दलों को न तो उचित जानकारी दी गई और न ही आमंत्रित किया गया। इससे स्थानीय आदिवासी कलाकारों की उपेक्षा और अपमान हुआ है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि जिस जनजातीय संस्कृति और परंपरा के संरक्षण के उद्देश्य से महोत्सव का आयोजन किया गया, उसी संस्कृति के वास्तविक संवाहक स्थानीय कलाकारों को कार्यक्रम से दूर रखा गया। आयोजन में आम जनता और स्थानीय कलाकारों की उपस्थिति भी नगण्य रही, जिससे विभाग की कार्यप्रणाली एवं आयोजन के प्रचार-प्रसार पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में छोटे भाई को बचाने गए युवक के गले पर चाकू से जानलेवा हमला, 18 से अधिक टांके लगे
कलाकारों ने अपनी मांगों में सहायक आयुक्त को तत्काल पद से हटाने, महोत्सव के आयोजन, प्रचार-प्रसार एवं खर्च की निष्पक्ष जांच कराने, भविष्य में ऐसे आयोजनों में क्षेत्रीय लोक कलाकारों एवं करमा नृत्य दलों की भागीदारी सुनिश्चित करने तथा स्थानीय कलाकारों की उपेक्षा के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
कलाकारों का कहना है कि जनजातीय संस्कृति का वास्तविक संरक्षण तभी संभव है, जब स्थानीय पारंपरिक कलाकारों को सम्मान और उचित मंच मिले।