
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: उत्तर छत्तीसगढ़ का अंबिकापुर शहर छत्तीसगढ़ का पहला नो डंपिंग यार्ड वाला शहर बन गया है। यहां पूर्व में संचालित 50 साल पुराने डंपिंग यार्ड को पार्क के रूप में तब्दील कर दिया है। अब यहां गंदगी नहीं बल्कि फूलों की खुशबू बिखरती है। 15 एकड़ क्षेत्र में फैले इस डंपिंग यार्ड की सूरत ही बदल गई है। नई पीढ़ी को तो यह पता भी नहीं चलेगा कि कभी यह डंपिंग यार्ड था। घरों से निकलने वाले कचरे के निपटान के लिए भिठ्ठीकला में संयंत्र की स्थापना की गई है। यहां कचरे से कंपोस्ट खाद का निर्माण किया जा रहा है। यहां से निर्मित कंपोस्ट खाद को सीधे किसान खरीद कर ले जाते हैं या शहर के उद्यानों के फूल पौधों में उपयोग आ रहा है।यहां गीले कचरे का बेहतर निपटान किया जा रहा है। शहर की नालियों से निकलने वाला मलबा भी यहां मशीन से छान कर अलग किया जाता है। इसमें मिट्टी और रेत जो छानने के बाद काफी बारीक होती है वह खाद के लिए सर्वाधिक उपयुक्त मानी जाती है।
कैसे बना डंपिंग यार्ड स्वच्छता पार्क
वर्ष 2016 में यहां पदस्त कलेक्टर ऋतु सैन ने बिलासपुर रोड स्थित शहर के डंपिंग यार्ड के पहाड़ नुमा कचरे को देख इसे स्वच्छता पार्क बनाने की योजना बनाई।बड़े पैमाने पर मशीनरी लगाकर यहां के कचरे के पहाड़ को निकालकर बड़ा टीला बनाया गया। इस टीले पर रागी की खेती पहली बार की गई।इसके बाद लेमनग्रास लगाया गया।लेमनग्रास अभी भी यहां मौजूद हैं जिससे अलग तरह खुशबू आती है। पूरा टीला लगभग 800 मीटर का है जिसमें फूल-पौधे लगाए गए हैं जो हरियाली बिखेर रही है। जहां से कचरा हटाया गया था उस पूरे क्षेत्र को पार्क के रूप में तब्दील कर दिया गया।अब यहां शहर लोग सैर सपाटे के लिए परिवार सहित पहुंचते हैं।
अंबिकापुर शहर को मिला अब तक का स्वच्छता सम्मान
0अंबिकापुर नगर निगम स्वच्छ सर्वेक्षण 2017 में दो लाख की जनसंख्या में देश में प्रथम एवं पूरे देश में 15 वां स्थान।
0स्वच्छ सर्वेक्षण 2018 में दो लाख की जनसंख्या में देश में प्रथम।बेस्ट प्रैक्टिस इनोवेशन में देश में अव्वल एवं पूरे देश में 11वां।
0 स्वच्छ सर्वेक्षण 2019 में दो लाख की जनसंख्या में देश में प्रथम एवं पूरे देश में दूसरा स्थान था व फाइव स्टार रेटिंग से पुरस्कृत।
0स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 में एक लाख से 10 लाख की जनसंख्या वाले शहरो में अव्वल रहा।
0स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में एक से तीन लाख आबादी वाले शहरों में प्रथम एवं देश में पांचवां स्थान।
0स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में एक से तीन लाख आबादी वाले शहरों में द्वितीय एवं देश में चौथा स्थान।
0 स्वच्छ सर्वेक्षण 2023 में देश में 27 वां स्थान आया और स्वच्छता में नवाचार को सराहा गया।
इनका कहना
वर्ष 2016 से लगातार शहर ने स्वच्छता में नवाचार किया और सफलता हासिल की है। हमें गर्व है कि हमारा शहर नो डंपिंग यार्ड वाला शहर है। हमारा पूरा प्रयास है कि यहां डंपिंग यार्ड बने ही न, इसलिए हमने एक नए स्थान पर मशीन लगाकर शहर के कचरे को कंपोस्ट खाद बनाकर उपयोग में लाना शुरू किया है।
डा अजय तिर्की
महापौर,अंबिकापुर