
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने अंबिकापुर में दवा दुकान संचालन की आड़ में नशीली दवाओं की ऊंचे दर पर नियम विरुद्ध तरीके से बिक्री करने वाले मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपित से दो लाख रुपये कीमत की 207 शीशी प्रतिबंधित कफ सीरप एवं 3600 नग प्रतिबंधित नशीली गोलियां जब्त कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।आरोपित द्वारा उत्तर प्रदेश से नशीली दवाइयां लाकर यहां बिक्री किया जाता था।
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता कार्यालय में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सुभाषनगर वार्ड क्रमांक-दो के न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर के संचालक राजेश समद्दार द्वारा भारी मात्रा में नशीली कफ सीरप एवं गोलियां बेची जा रही हैं। मुखबिर की सूचना की पुष्टि के लिए मेडिकल स्टोर से ग्राहक भेजकर नशीली दवाइयों की खरीदी कराई गई।
खरीदी की पुष्टि होने पर न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर में छापा मारा गया।छापे के दौरान मेडिकल दुकान का मालिक राजेश समद्दार दुकान पर मौजूद मिला, परंतु मेडिकल स्टोर में कोई संदिग्ध मादक पदार्थ नहीं मिला। तत्पश्चात मेडिकल स्टोर के पीछे एक कमरे से स्वयं मेडिकल स्टोर के संचालक राजेश समद्दार ने 207 नग तथा 3600 नग प्रतिबंधित गोलियां बरामद कराईं।
राजेश समद्दार को एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21(सी) के तहत गिरफ्तार कर सोमवार को ही न्यायिक अभिरक्षा पर जेल दाखिल कर दिया गया। जब्त नशीली दवाइयों का बाजार मूल्य लगभग दो लाख रुपये है।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में सर्च वारंट पर वन विभाग की दबिश, साल लकड़ी के 33 चौखट-पटरे जब्त
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि आरोपित ने पूछताछ में बताया कि वह उत्तर प्रदेश से नशीली दवाइयां लेकर आता है। आगे के लिंक की जांच की जा रही है। नशीली दवाइयों के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के संबंध में जो जानकारी मिली है,उस आधार पर आगे कार्रवाई की जा रही है।उक्त कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के द्वारा की गई। साथ में आबकारी उपनिरीक्षक टीआर केहरी, अनिल गुप्ता, आबकारी आरक्षक दीपक पांडेय, आशीष कुंज, नगर सैनिक गणेश पाण्डेय की भूमिका रही।
चिकित्सक की पर्ची के बिना बिक्री प्रतिबंधित
दवा दुकानों में चिकित्सकों की पर्ची के बिना प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री नहीं की जा सकती है।इसके लिए रिकार्ड मेंटेन करना जरूरी है। किस चिकित्सक की पर्ची से किस मरीज को कितनी दवाइयां दी गई इसका रिकार्ड अपडेट रखना जरूरी है लेकिन न्यू अनुष्का मेडिकल स्टोर संचालक द्वारा कोई भी रिकार्ड प्रस्तुत नहीं किया जा सका। उसके द्वारा दुकान के काउंटर से ही नशीली दवाइयां बेची जा रही थी। दुकान का लाइसेंस उसकी पत्नी के नाम पर है लेकिन दुकान संचालन आरोपित ही करता था। ऊंचे दर पर नशे के आदी युवाओं को इसके द्वारा नशीली दवा बेची जाती थी।
युवा पीढ़ी को नशे के गर्त में न धकेलें : रंजीत
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने नशीली दवाइयों के कारोबारियों से पुनः अपील की है कि वह नशीली दवाइयों के व्यापार से दूर रहें, क्योंकि इसमें एनडीपीएस अधिनियम के तहत कठिन से कठिन सजा दी जा रही है। अपने बाल-बच्चों एवं अपने परिवार का ध्यान रखें तथा नशीली दवाइयां बेचकर युवा पीढ़ी को नशे के गर्त में न धकेलें।