
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। अंबिकापुर के महामाया प्रवेश द्वार से लगे रिंग रोड पर महिला की जघन्य हत्या के मामले में मुख्य आरोपित मिथुन उर्फ पांडा तीसरे दिन भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं, लेकिन अब तक उसका सुराग नहीं लग सका है।
जांच में सामने आया है कि घटना के कुछ ही घंटों बाद आरोपित अंबिकापुर रेलवे स्टेशन पहुंच गया था। वहां वह सीसीटीवी कैमरों में कैद हुआ है। इसके बाद वह रेलवे ट्रैक के सहारे पैदल चलते हुए कमलपुर स्टेशन तक पहुंचा, जहां तक उसके मूवमेंट के प्रमाण मिले हैं। इसके बाद उसका लोकेशन नहीं मिल पाया है।
सीसीटीवी में कैद हुआ मूवमेंट
शुरुआती जांच में आरोपित का कोई फुटेज नहीं मिला था, लेकिन बाद में अलग-अलग स्थानों के सीसीटीवी खंगालने पर उसका मूवमेंट सामने आया। होलीक्रॉस स्कूल के पास लगे कैमरे में वह पैदल जाता दिखा, फिर अजिरमा बैरियर के पास भी नजर आया। इसके बाद रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी में उसका चेहरा स्पष्ट दिखा, जहां वह आराम से घूमता नजर आया।
स्टेशन पर बिताई रात, ट्रेन में चढ़कर उतरा
पुलिस के अनुसार, आरोपित ने घटना के दिन रेलवे स्टेशन के आसपास ही समय बिताया। रात में निर्माणाधीन स्थल के पास सोया रहा। अगले दिन दोपहर करीब 12:30 बजे वह मेमू ट्रेन में चढ़ा, लेकिन कुछ देर बाद उतर गया। इसके बाद उसने पैदल ही रेलवे ट्रैक के सहारे आगे बढ़ना शुरू कर दिया।
कमलपुर तक पहुंचा, आगे का सुराग नहीं
जांच में पुष्टि हुई है कि आरोपित कमलपुर रेलवे स्टेशन तक पहुंचा था। इसके बाद उसके सिलफिली तक जाने के संकेत मिले हैं, लेकिन इसके आगे उसका कोई लोकेशन नहीं मिला है। पुलिस को आशंका है कि वह आसपास के गांवों में छिपा हो सकता है।
पुलिस ने बढ़ाई सख्ती, अन्य जिलों में भेजी तस्वीर
आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने पूरी ताकत झोंक दी है। सरगुजा पुलिस ने उसकी तस्वीर आसपास के जिलों में भी भेजी है ताकि जल्द गिरफ्तारी हो सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए तथ्यों के आधार पर एक से अधिक आरोपितों की संलिप्तता की आशंका भी जताई जा रही है, जिससे जांच और जटिल हो गई है।
पोस्टमार्टम में बर्बरता की पुष्टि
मेडिकल रिपोर्ट में महिला के साथ अत्यंत क्रूरता की पुष्टि हुई है। उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं और यह स्पष्ट हुआ है कि उसके साथ बर्बर हिंसा की गई थी।
गिरफ्तारी नहीं होने पर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
मामले में आरोपित की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोश बढ़ गया है। युवा कांग्रेस ने गांधी चौक स्थित डेटा सेंटर के सामने धरना प्रदर्शन किया।
इस दौरान लिली श्रीवास के नेतृत्व में प्रदर्शन हुआ। कांग्रेस नेताओं ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और जल्द गिरफ्तारी की मांग की। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपित की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।