
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर :नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में गांधीनगर पुलिस ने आरोपित को पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया है। नाबालिग पीड़िता को भी पुलिस ने आरोपित के कब्जे से सकुशल बरामद कर लिया है। पीड़िता गर्भवती बताई जा रही है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 16 फरवरी 2026 को एक नाबालिग अपने घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। स्वजन ने काफी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। स्वजन ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर ले जाने की आशंका जताते हुए थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने साइबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त की।
तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपित का लोकेशन पश्चिम बंगाल में मिला। इसके बाद पुलिस टीम को तत्काल पश्चिम बंगाल रवाना किया गया।पुलिस टीम के सतत प्रयास से आरोपित सुजाय मंडल पिता उत्तम मंडल (25) निवासी शिमूलदंगा थाना शक्तिपुर जिला मुर्शिदाबाद पश्चिम बंगाल के कब्जे से नाबालिग पीड़िता को सकुशल बरामद किया गया।
पीड़िता से पूछताछ में उसने बताया कि आरोपित ने उसे शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगाया, अपने पास रखा और दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। पीड़िता के कथन के आधार पर मामले में धारा 87, 65(1) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा जोड़ी गई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया।
यह भी पढ़ें- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी: 24 घंटे घर बैठे मिलेगा टोकन, किसान एप से करें आवेदन