
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : जिले के शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन ने बुधवार को पुलिस कोऑर्डिनेशन सेंटर अंबिकापुर में बैठक आयोजित की। बैठक में जिले के समस्त शासकीय एवं निजी स्कूलों तथा कालेजों के संस्था प्रमुख एवं संचालक शामिल हुए।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने संस्था प्रमुखों को छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाए रखने प्रेरित किया। एसडीएम बीएस नेताम,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश देवांगन,जिला शिक्षा अधिकारी डा दिनेश कुमार झा की उपस्थिति में आहूत बैठक में सभी संस्था प्रमुखों को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्कूल एवं कॉलेज परिसरों में ऐसा सुरक्षित माहौल तैयार करें, जिससे किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।
परिसर के भीतर या आसपास किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की आशंका होने पर बिना किसी देरी के तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए निर्देशित किया गया। त्वरित समन्वय एवं सहायता हेतु राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने अपना संपर्क नंबर भी सभी संस्था प्रमुखों के साथ साझा किया।
बैठक मेंनगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक बी,उप पुलिस अधीक्षक डीके सिंह सहित जिले के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों के संस्था प्रमुख, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें- सीतापुर में चार साल के मासूम की स्कूल में पिटाई, पीठ पर उभरे छड़ी के निशान, परिजन भड़के
सीसीटीवी कैमरों की सुचारु व्यवस्था होगी सुनिश्चित
संस्थान के प्रवेश द्वार, गलियारों एवं प्रमुख संवेदनशील स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं। उनकी नियमित मॉनिटरिंग एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे हर समय चालू स्थिति में रहें।
छात्रावासों में सुरक्षा मानकों की न हो अनदेखी
जिन संस्थानों में आवासीय सुविधा उपलब्ध है, वहां बालक एवं बालिका छात्रावासों के मध्य पर्याप्त दूरी और पृथक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि विद्यार्थियों की निजता एवं सुरक्षा बनी रहे। यदि किसी छात्र या छात्रा की तबीयत अचानक खराब होती है, तो संस्थान स्तर पर तत्काल प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की समुचित व्यवस्था रखी जाए और अभिभावकों को तुरंत सूचित किया जाए।
इसलिए आयोजित की गई बैठक
पुलिस के अनुसार पिछले दिनों दो शैक्षणिक संस्थानों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से जुड़ी घटनाएं सामने आई थीं। उर्सुलाइन स्कूल की छात्रावास की ऊपरी मंजिल की छत पर एक छात्रा पहुंच गई थी। वहीं बिरला इंटरनेशनल स्कूल के छात्रावास के कमरे के रोशनदान से एक छात्र ने कूदकर जान देने की कोशिश की थी।
छात्र को बनारस में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा दोपहिया वाहन से स्कूल आने की शिकायतें भी लगातार मिल रही थीं। इन्हीं सब कारणों से विशेष बैठक बुलाई गई।