
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: कोतवाली थाना क्षेत्र में मारपीट और छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया है। आरोपितों ने महिला और उसकी भांजी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और लज्जा भंग करने की नीयत से छेड़छाड़ की थी। मुख्य आरोपित के खिलाफ संगठित अपराध की धारा भी जोड़ी गई है।
पुलिस के अनुसार प्रार्थिया ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे आरोपित रसीद शाह के घर के पास उसकी भांजी के साथ आरोपितों ने पूछताछ और विवाद किया। इसके बाद साजिशन मिलकर प्रार्थिया और उसकी भांजी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे गंभीर चोटें आईं। आरोपितों ने लज्जा भंग करने की नीयत से छेड़छाड़ भी की।
प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 74, 291, 351(3), 115(2), 127(2), 3(5), 111 बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत केस पंजीबद्ध किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने आरोपितों का पता तलाश कर पकड़ा।
पूछताछ में आरोपितों ने अपना नाम रसीद शाह (50) निवासी तकिया मदरसा के पास थाना कोतवाली, मो. इरफान खान पिता ताहिर खान (19) निवासी ग्राम बोंगा पोस्ट गोविंदपुर थाना रमकोला ,इमाम असगर पिता मो. मेसाहेब अंसारी (20) निवासी डाल्टनगंज नेवरा थाना चैनपुर पलामू वर्तमान निवासी रसीद शाह का किराया मकान अंबिकापुर और इमरान खान (38) निवासी तकिया मोहल्ला रसीद शाह के किराए का मकान थाना कोतवाली अंबिकापुर बताया।
पूछताछ में आरोपितों ने घटना करना स्वीकार किया।पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपित रसीद शाह के विरुद्ध पूर्व में थाना अंबिकापुर में कई अपराध पंजीबद्ध हैं। उसके द्वारा संगठित अपराध के सदस्य के रूप में लगातार गैर कानूनी गतिविधियों में संलिप्त होने से प्रकरण में धारा 111 जोड़ी गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, महिला प्रधान आरक्षक ज्योति कुजूर, आरक्षक सुरेश गुप्ता, शिव राजवाड़े और सैनिक संतोष पाठक सक्रिय रहे।
यह भी पढ़ें- बदहाल शिक्षा व्यवस्था पर फूटा गुस्सा: 12वीं के छात्र 8 किमी पैदल चलकर बीईओ से मिलने निकले