• Jagran.com
  • Jagran Josh
  • Her Zindagi
  • Onlymyhealth
  • Jagran TV
  • Vishvas News
  • Inextlive
मेरी खबरें
  • होम
  • ताजा खबरें
  • मध्यप्रदेश
  • छत्तीसगढ़
  • उत्तर प्रदेश
  • देश
  • धर्म
  • मनोरंजन
  • राशिफल
  • लाइफस्टाइल
  • अन्य
    • बिज़नेस
    • बड़ी खबरें
    • खेल
    • विदेश
    • करियर
    • टॉपिक्स
    • टेक्नोलॉजी
    • शिक्षा
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • राशिफल
  • राज्य चुनें
  • ई-पेपर
  • फटाफट
  • राशिफल
  • वेब स्टोरीज
नईदुनिया ट्रेंडिंग
  • बढ़ता यूपी
  • समृद्ध उत्तराखंड
  • Mutual Funds मास्टरी
  • होम
  • छत्तीसगढ़
  • अंबिकापुर

बारिश में खूबसूरत मैनपाट हुड़दंगी बाइकर्स से बेहाल; प्रतिबंधित साइलेंसर की आवाज से दहली वादियां

बारिश में खूबसूरत मैनपाट, हुड़दंगी बाइकर्स से बेहाल प्रतिबंधित साइलेंसर लगी स्पोर्ट्स बाइक से पहुंच रहे युवाओं के झुंड, सड़क जाम कर नाच-गाना, इंटरनेट ...और पढ़ें

By Asim Sen GuptaEdited By: Manoj Kumar Tiwari
Publish Date: Fri, 10 Jul 2026 01:03:03 PM (IST)Updated Date: Fri, 10 Jul 2026 01:03:03 PM (IST)
बारिश में खूबसूरत मैनपाट हुड़दंगी बाइकर्स से बेहाल; प्रतिबंधित साइलेंसर की आवाज से दहली वादियां
मैनपाट की सड़कों पर हुड़दंग करता युवाओं का समूह

HighLights

  1. मेहता प्वाइंट की सड़क को बनाया डांस फ्लोर
  2. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से फूटा गुस्सा
  3. अंबिकापुर के शिमला में बिगड़ैल नवाबों का उत्पाद

नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : छत्तीसगढ़ का प्रमुख पर्यटन स्थल मैनपाट बारिश में अपनी अद्भुत खूबसूरती के चरम पर होता है। चारों ओर हरियाली की चादर, घाटियों में तैरते बादल और जमीन को छूते धुंध के गुबार ऐसा मनमोहक नजारा रचते हैं मानो पूरा मैनपाट बादलों की गोद में सोया हो। उल्टापानी, टाइगर प्वाइंट, मेहता प्वाइंट और जलजली जैसे पर्यटन स्थलों पर प्रकृति का यह रूप देखने के लिए सावन में बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

लेकिन पिछले कुछ दिनों से मैनपाट की वादियों की शांति और आबोहवा दोनों खराब हो रही है। वजह हैं युवाओं के वे समूह जो स्पोर्ट्स बाइक से मैनपाट पहुंचकर हुड़दंग मचा रहे हैं। तेज आवाज वाले प्रतिबंधित साइलेंसर लगी बाइकों के काफिले, सड़क पर नाच-गाना और स्टंटबाजी ने शांतिप्रिय पर्यटकों और स्थानीय लोगों की नींद उड़ा दी है।


naidunia_image

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिछले दो-तीन हफ्तों से युवाओं के अलग-अलग समूह स्पोर्ट्स बाइक लेकर मैनपाट पहुंच रहे हैं। ये युवा मेहता प्वाइंट, उल्टापानी और टाइगर प्वाइंट की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर ही अपनी बाइक खड़ी कर देते हैं। इसके बाद सड़क को ही डांस फ्लोर बनाकर तेज आवाज में गाने बजाए जाते हैं। कुछ युवक चलती बाइक पर स्टंट करते हैं तो कुछ सड़क जाम कर वीडियो बनाते हैं। बाइकों में लगे प्रतिबंधित मॉडिफाइड साइलेंसर से पटाखे जैसी तेज आवाज निकलती है, जिससे आसपास का माहौल दहल जाता है।

परिवार वाले पर्यटक सहमे, विरोध की हिम्मत नहीं

स्थिति यह हो गई है कि परिवार और बच्चों के साथ मैनपाट पहुंचने वाले पर्यटक इन बिगड़ैल युवाओं से डरकर समय से पहले ही लौटने को मजबूर हैं। कई पर्यटकों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि 15-20 बाइक के झुंड में आए युवा नशे की हालत में गाली-गलौज भी करते हैं। माहौल इतना तनावपूर्ण होता है कि कोई उन्हें टोकने की हिम्मत नहीं कर पाता। स्थानीय दुकानदार भी परेशान हैं। उनका कहना है कि तेज रफ्तार बाइक और हुल्लड़बाजी से दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। मैनपाट की घुमावदार सड़कों पर स्टंट करना जानलेवा हो सकता है। साथ ही यहां की प्राकृतिक शांति पूरी तरह भंग हो रही है, जिससे असली पर्यटकों का मैनपाट से मोहभंग हो रहा है।

वीडियो प्रसारित, कार्रवाई की उठी मांग

पिछले कुछ दिनों से मैनपाट में हुड़दंग और हो-हल्ला के कई वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे हैं। इन वीडियो में युवा सड़क जाम कर नाचते-गाते और बाइकों से तेज आवाज निकालते दिख रहे हैं।

वीडियो सामने आने के बाद शांतिप्रिय लोगों, पर्यटन प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों में आक्रोश है। लोग इंटरनेट मीडिया पर जिला प्रशासन और पुलिस से ऐसे हुड़दंगी युवाओं पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि खूबसूरत मौसम में मस्ती के नाम पर असामाजिक व्यवहार स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। ऐसे बिगड़ैल युवाओं के विरुद्ध कार्रवाई जरूरी है।

क्या है पर्यटकों की मांग

  • नर्मदापुर, कमलेश्वरपुर और परपटिया में प्रतिबंधित साइलेंसर लगी बाइकों के विरुद्ध कार्रवाई का अभियान चलाया जाए।
  • मेहता प्वाइंट, उल्टापानी, टाइगर प्वाइंट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पुलिस की नियमित गश्त हो।
  • सिर्फ चालान से काम नहीं चलेगा। तेज आवाज, स्टंट और सड़क जाम करने वालों की बाइक जब्त कर कानूनी कार्रवाई हो।
  • पर्यटन स्थलों को ‘साइलेंस जोन’ घोषित कर तेज आवाज वाले डीजे और साइलेंसर पर पूर्ण प्रतिबंध लगे।
  • रोजगार का साधन भी है यहां का पर्यटन

मैनपाट सिर्फ पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका का साधन भी है। तिब्बती रिफ्यूजी कैम्प, जलजली, बौद्ध मंदिर और यहां की अनोखी भू-संरचना पर्यटकों को आकर्षित करती है। बारिश में जब बादल सड़कों पर उतर आते हैं और तापमान कम हो जाता है, तब मैनपाट की खूबसूरती और बढ़ जाती है।अगर हुड़दंगियों पर लगाम नहीं लगी तो यह छत्तीसगढ़ का प्रमुख पर्यटन स्थल जल्द ही पर्यटकों के लिए असुरक्षित बन जाएगा। जरूरत है कि प्रशासन सख्ती करे और यहां पहुंचने वाले लोग जिम्मेदार पर्यटक बनें, ताकि मैनपाट की खूबसूरती और आबोहवा शांत रहे, न कि साइलेंसर और हुड़दंगियों का शोर।

यह भी पढ़ें- घने जंगलों के बीच गूंजती झरने की गर्जना; पाली के बामर झूझा में उमड़ रहा पर्यटकों का सैलाब