
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को राजमोहनी देवी भवन में आयोजित संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर कंवर समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पांव पखारकर सम्मान एवं आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कंवर समाज गहिरा गुरु जी का अनुयायी है। समाज को अच्छाई और सदाचार के मार्ग पर आगे बढ़ाने तथा धार्मिक एवं सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने में गहिरा गुरु जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हमें अपने गौरवशाली धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक इतिहास पर गर्व करना चाहिए। कंवर समाज राजनीतिक रूप से भी सशक्त है और समाज के आशीर्वाद से ही वे प्रदेश की सेवा में तत्पर हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनता के हित में लगातार कार्य कर रही है। शासन की सेवाओं को आम नागरिकों तक सरलता से पहुंचाने के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है, जिसके माध्यम से नागरिक अपनी समस्याओं का निराकरण करा सकते हैं।
कार्यक्रम में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी एकजुट होकर शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए प्रयास करें। छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने भी समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि कंवर समाज को अपनी परंपराओं और संस्कृति को संरक्षित रखना चाहिए। इस अवसर पर कंवर समाज के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष देवनाथ सिंह, प्रदेश अध्यक्ष शल हरबंश मीरी, प्रदेश उपाध्यक्ष उपेन्द्र सिंह पैकरा, संरक्षक रामलखन सिंह पैकरा एवं मुख्य सलाहकार टीकाराम कंवर सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कंवर समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने सरगुजा में संभागीय कंवर समाज भवन के निर्माण के लिए 75 लाख रुपये देने की घोषणा की। इसके साथ ही सूरजपुर एवं बलरामपुर जिले में कंवर समाज के सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 50-50 लाख रुपये तथा चेंद्रा में कंवर समाज भवन के निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने प्रत्येक करमा दल को प्रोत्साहन स्वरूप 20-20 हजार रुपये प्रदान करने की भी घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के प्रमुखों एवं समाज के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कंवर समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराएं और सामाजिक मूल्य छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर हैं। समाज ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। राज्य सरकार कंवर समाज सहित सभी समाजों के सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करमा तिहार हमारी लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामुदायिक एकता का जीवंत प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ समाज में आपसी प्रेम, सद्भाव और एकजुटता को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं को शिक्षा और प्रगति के नए अवसरों से जोड़ने का आह्वान किया।
यह भी पढ़ें- कवर्धा में आग की भेंट चढ़ी किसान की फसल, बिजली के तार की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्राली; वाहन भी जलकर राख