कवर्धा में आग की भेंट चढ़ी किसान की फसल, बिजली के तार की चपेट में आई ट्रैक्टर-ट्राली; वाहन भी जलकर राख
थाना क्षेत्र के ग्राम बोधाईकुंडा में धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली बिजली के नीचे झूलते तार की चपेट में आ गई। आग से करीब एक एकड़ खेत की फसल और ट्राली जलकर राख हो गई।
Publish Date: Sun, 29 Nov 2026 07:29:40 PM (IST)Updated Date: Sun, 29 Nov 2026 07:29:40 PM (IST)
फसल समेत वाहन जलकर हुआ राख, नईदुनियाHighLights
- बिजली के तार की चपेट में ट्रैक्टर-ट्राली
- फसल समेत वाहन जलकर हुआ राख
- आग की भेंट चढ़ गई किसान की फसल
नईदुनिया न्यूज, कवर्धा। खेत में महीनों मेहनत कर तैयार की गई धान की फसल घर पहुंचने से पहले ही आग की भेंट चढ़ गई। कवर्धा थाना क्षेत्र के ग्राम बोधाईकुंडा में धान से भरी ट्रैक्टर-ट्राली बिजली के नीचे झूलते तार की चपेट में आ गई। आग से करीब एक एकड़ खेत की फसल और ट्राली जलकर राख हो गई।
ग्राम बोधाईकुंडा निवासी किसान दीपचंद वर्मा खेत से धान भरकर ट्रैक्टर-ट्राली से घर लौट रहे थे। किसान के मुताबिक, रास्ते में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन का तार काफी नीचे झूल रहा था। ट्राली तार के संपर्क में आई और शार्ट सर्किट के बाद उसमें आग लग गई। धान में आग तेजी से फैल गई। किसान को फसल बचाने का मौका नहीं मिला और कुछ ही देर में पूरी ट्राली लपटों से घिर गई।
फसल के साथ ट्राली भी आग की भेंट चढ़ी
आग ने ट्राली में रखी पूरी उपज को राख कर दिया। ट्राली के पहिए भी जल गए। बताया जा रहा है कि उसमें करीब एक एकड़ खेत की धान की फसल थी। इस उपज से किसान को खेती की लागत निकालने, परिवार की जरूरतें पूरी करने और अगले सीजन की तैयारी करनी थी। फसल के साथ ट्राली को हुए नुकसान ने किसान की आर्थिक मुश्किल बढ़ा दी है।
खेतों के रास्तों पर झूलते तार, आखिर जिम्मेदार कौन
धान कटाई के समय गांवों में ट्रैक्टर-ट्राली से फसल का परिवहन होता है। ऐसे में रास्तों के ऊपर से गुजरने वाली बिजली लाइनों की सुरक्षित ऊंचाई और नियमित निगरानी जरूरी है। बोधाईकुंडा की घटना ने बिजली व्यवस्था के रखरखाव पर सवाल खड़े किए हैं।
किसान के अनुसार, नीचे झूलते तार के कारण हादसा हुआ। अब नुकसान के आकलन, जिम्मेदारी तय करने और किसान को राहत मिलने की उम्मीद है। मामला केवल दीपचंद वर्मा की फसल का नहीं, बल्कि उन रास्तों से गुजरने वाले किसानों की सुरक्षा का भी है।