बिश्रामपुर में करोड़ों के रेलवे ओवरब्रिज की खुली पोल, उद्घाटन के कुछ समय बाद ही जर्जर हुई सड़क की सतह
छत्तीसगढ़ के बिश्रामपुर में रेलवे क्रॉसिंग की समस्या से निजात दिलाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए रेलवे ओवरब्रिज की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उद्घाटन के कुछ समय बाद ही ब्रिज के हिस्से में दरारें आने लगी हैं और सड़क पर जगह-जगह गड्ढे व सतह उखड़ने लगी है, इससे स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
Publish Date: Sun, 23 Aug 2026 08:08:16 AM (IST)Updated Date: Sun, 23 Aug 2026 08:08:16 AM (IST)
नवनिर्मित रेलवे ओवरब्रिज में पड़़ रही दरारेंHighLights
- करोड़ों की लागत से बने रेलवे ओवरब्रिज में दरारें।
- निर्माण की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल।
- स्थानीय लोगों ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग।
नईदुनिया न्यूज, बिश्रामपुर : रेलवे क्रासिंग पर लगने वाले जाम और आवागमन की समस्या से निजात दिलाने के लिए करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए ओवरब्रिज की गुणवत्ता पर अब सवाल खड़े होने लगे हैं। एसईसीएल के क्षेत्रीय मुख्यालय के समीप रेलवे लाइन के ऊपर निर्मित ओवरब्रिज के हिस्से में दरारें दिखाई देने लगी हैं। वहीं ब्रिज से जुड़े मार्ग पर जगह-जगह सड़क के दरकने और गड्ढे होने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर लोगों में नाराजगी है।
बताया जा रहा है कि बिश्रामपुर क्षेत्र में रेलवे क्रासिंग के कारण लंबे समय से आवागमन प्रभावित होता रहा है। ट्रेन के गुजरने के दौरान क्रासिंग बंद होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती थी। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए रेल प्रशासन द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से ओवरब्रिज का निर्माण कराया गया था।
कुछ दिनों पूर्व ही बनकर तैयार ओवर ब्रिज के निर्माण के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब रेलवे क्रासिंग पर इंतजार और जाम की समस्या से राहत मिलेगी। लेकिन निर्माण के कुछ समय बाद ही ओवरब्रिज के रेल लाइन वाले हिस्से में दरार दिखाई देने और सड़क के क्षतिग्रस्त होने से सवाल उठने लगे हैं। मार्ग पर गड्ढे बनने के साथ ही कई स्थानों पर सड़क की सतह उखड़ने लगी है। ऐसे में बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और खराब होने तथा दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
यह भी पढ़ें- 'इच्छाशक्ति होती तो बन जाती सड़क': पवन साय ने प्रभारी मंत्री से जताई नाराजगी, अंबिकापुर में शुरू हुआ लीपापोती का काम
निर्माण के दौरान भी उठे थे सवाल
ओवरब्रिज का निर्माण शुरू होने के दौरान भी इसकी निर्माण प्रक्रिया और काम की गुणवत्ता को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठते रहे थे । करोड़ों रुपये की लागत से तैयार किए गए इस महत्वपूर्ण अधोसंरचना प्रोजेक्ट से लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की उम्मीद थी। ऐसे में कम समय में ही दरार और सड़क क्षतिग्रस्त होने की स्थिति ने निर्माण एजेंसी और संबंधित विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि निर्माण में लापरवाही बरती गई है तो जिम्मेदार एजेंसी के विरुद्ध कार्रवाई कर क्षतिग्रस्त हिस्से की स्थायी मरम्मत कराई जानी चाहिए।
जांच की उठने लगी मांग
स्था नीय लोगों ने रेल प्रशासन से ओवरब्रिज के निर्माण की तकनीकी जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल गड्ढों की ऊपरी मरम्मत के बजाय ब्रिज और उससे जुड़े मार्ग की गुणवत्ता की जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की स्थिति निर्मित न हो। करोड़ों की लागत से तैयार इस ओवरब्रिज की मौजूदा स्थिति ने एक बार फिर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और उनकी निगरानी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।