
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर : शहर के दर्रीपारा फुलवारी मार्ग में किराए के मकान में रहने वाले कृषि विभाग के लिपिक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में दलदल से बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सीताराम के रूप में हुई है, जो लखनपुर कृषि विभाग में सहायक ग्रेड-तीन लिपिक के पद पर पदस्थ था। वह 10 नवंबर की शाम से लापता था।
शुक्रवार को उसका शव किराए के मकान से महज 100 मीटर की दूरी पर जेल तालाब के बगल में स्थित दलदल में मिला। लिपिक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और वह दलदल तक कैसे पहुंचा, फिलहाल इसका राजफाश नहीं हो सका है।
जानकारी के अनुसार सीताराम अंबिकापुर के दर्रीपारा फुलवारी मार्ग में किराए के मकान में रहकर नौकरी करता था। 10 नवंबर की शाम से वह अचानक लापता हो गया था। इसके बाद उसकी तलाश की जा रही थी। शुक्रवार को उसके किराए के मकान के सामने जेल तालाब के पास दलदल में शव दिखाई देने की सूचना मिली। शव मिलने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, मणिपुर थाना प्रभारी निरीक्षक अशफाक अहमद अंसारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामला संदिग्ध परिस्थितियों से जुड़ा होने के कारण पुलिस ने तत्काल एसडीआरएफ की टीम को बुलाया।
यह भी पढ़ें- तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक का पैर टूटा, मासूम बच्चे पर चढ़ा पहिया; तीन घायल
दलदल में फंसे शव को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। इसके साथ ही घटनास्थल की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने दलदल से शव को बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण कर परिस्थितियों को समझने का प्रयास किया जा रहा है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि सीताराम 10 नवंबर की शाम से कहां था और अपने किराए के मकान से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित दलदल तक कैसे पहुंचा? क्या वह किसी कारणवश तालाब की ओर गया था या घटना के पीछे कोई अन्य वजह है?
फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। लिपिक की मौत सामान्य हादसा है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, इसका राजफाश पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।