
नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। बिरकोना रोड पर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार युवक समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे में युवक का पैर टूट गया, जबकि बाइक पर सवार मासूम बच्चे के पैर पर बोलेरो का पहिया चढ़ गया। पीछे बैठे एक अन्य साथी को भी चोटें आई हैं। तीनों घायलों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सकरी क्षेत्र के ग्राम जोंकी निवासी अजय कुमार सूर्यवंशी (25) पिता छतलाल सूर्यवंशी गुरुवार को अपने भतीजे मयंक और एक अन्य साथी के साथ बाइक से बिरकोना आया था। काम निपटाने के बाद तीनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बिरकोना रोड पर पीछे से तेज रफ्तार में आ रही बोलेरो के चालक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर गिर पड़े। हादसे में अजय का पैर टूट गया, जबकि मासूम मयंक के पैर पर बोलेरो का पहिया चढ़ गया। पीछे बैठे तीसरे युवक को भी चोटें आईं।
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल तीनों का सिम्स में उपचार जारी है। पुलिस बोलेरो चालक और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में छोटे भाई को बचाने गए युवक के गले पर चाकू से जानलेवा हमला, 18 से अधिक टांके लगे