
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: ग्रामीण क्षेत्रों में प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित जल जीवन मिशन की जमीनी हकीकत ग्राम पंचायत सिलमा में सवालों के घेरे में है। योजना के तहत लाखों रुपये खर्च कर पेयजल आपूर्ति के लिए निर्माण कार्य कराए गए, लेकिन ग्रामीणों का आरोप है कि आज भी उन्हें घर-घर नल से पानी नहीं मिल पा रहा है।
कहीं पानी की टंकी के लिए स्ट्रक्चर तो खड़ा कर दिया गया है, लेकिन उस पर टंकी ही नजर नहीं आती, तो कहीं निर्मित टंकी और पंप हाउस का उपयोग पेयजल आपूर्ति के बजाय मवेशियों को बांधने के लिए किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, जल जीवन मिशन के तहत गांव में पेयजल व्यवस्था विकसित करने के नाम पर निर्माण कार्य तो कराए गए, लेकिन योजना का मूल उद्देश्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद घरों तक नियमित पेयजल नहीं पहुंचना निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, कार्य पूर्णता और योजना के संचालन एवं संधारण पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
यह भी पढ़ें- बलरामपुर में शराब के नशे में हुए घरेलू विवाद के बाद पत्नी ने तराजू के बाट से मारकर पति की हत्या की
निर्माण के बाद भी उपयोग में नहीं आ रहे संसाधन
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए बनाए गए कई निर्माण कार्य उपयोगहीन स्थिति में पड़े हैं। कहीं टंकी का स्ट्रक्चर अधूरा दिखाई देता है, तो कहीं पंप हाउस और अन्य निर्माणों का उपयोग निर्धारित उद्देश्य के अनुरूप नहीं हो रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार की लापरवाही के कारण सरकारी राशि खर्च होने के बाद भी उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हुआ समाधान
ग्रामीणों के मुताबिक, पेयजल समस्या को लेकर कई बार संबंधित जिम्मेदारों और विभागीय अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का सवाल है कि जब योजना के तहत निर्माण कार्यों पर लाखों रुपये खर्च किए जा चुके हैं, तो फिर घरों तक पानी पहुंचाने की जिम्मेदारी कौन निभाएगा?
जांच और जवाबदेही तय करने की मांग
ग्राम पंचायत सिलमा में जल जीवन मिशन के तहत स्वीकृत कार्यों, खर्च की गई राशि, निर्माण की गुणवत्ता, टंकी एवं पंप हाउस की वर्तमान स्थिति और वास्तविक पेयजल आपूर्ति की निष्पक्ष जांच कराने की मांग ग्रामीणों ने की है। ग्रामीणों के अनुसार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर वस्तुस्थिति का निरीक्षण करें तथा अधूरे एवं अनुपयोगी निर्माण कार्यों को पूर्ण कराकर प्रत्येक घर तक नियमित स्वच्छ पेयजल पहुंचाना सुनिश्चित करें।