
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर : बलरामपुर जिले के त्रिकुंडा थाना क्षेत्र के ग्राम पलगी छतौलीपारा में पत्नी ने पति की हत्या कर दी। शराब के नशे में घरेलू बात को लेकर हुए झगड़े में पत्नी ने तराजू के बाट से पति के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित पत्नी के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ग्राम शारदापुर (ई) थाना चलगली निवासी रामदेव कुम्हरिया ने घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। उसने बताया कि 15 नवंबर की सुबह करीब 4:30 बजे उसके समधी रामविचार ने फोन कर बताया कि जीजा प्रभात कुम्हरिया की मौत हो गई है। इस पर वह प्रभात के पिता फुलसाय, रमेश चरगट और गांव के अन्य लोगों के साथ पलगी छतौलीपारा पहुंचा।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर में कोरबा की युवती की एक्टिवा डिवाइडर से टकराई, उछलकर दूर जाकर गिरी, मौके पर मौत
वहां प्रभात अपने घर के अंदर कमरे में पीठ के बल मृत पड़ा था। उसके बाएं आंख के ऊपर माथे में गहरा चोट का निशान था और खून जमा हुआ था।पत्नी राजपति कुम्हरिया से पूछताछ में उसने बताया कि रविवार 15 नवंबर को सुबह वह पति के साथ गांव के धनरूप यादव के घर काम करने गई थी।
रात को दोनों वापस आए और दोनों शराब पिए हुए थे। खाना खाते समय घरेलू बातों को लेकर झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर उसने तराजू के बाट से पति के माथे पर जोर से मार दिया। इसके बाद वह कमरे में जाकर सो गई। कुछ देर बाद पति भी चोटिल हालत में अंदर आकर सो गया। भोर में उठने पर देखा तो पति जमीन पर मृत पड़ा था। सूचना पर पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है।