
अंबिकापुर(नईदुनिया प्रतिनिधि)। सूर्योपासना के महापर्व छठ के लिए शनिवार को व्रती श्रद्घालुओं ने घाट बंधान का धार्मिक अनुष्ठान पूरा किया। नगर के छठ घाटों में व्रती श्रद्घालुओं के साथ शहरवासियों की घाट बंधान अनुष्ठान में भारी भीड़ उमड़ी। खीर भोजन के साथ सूर्योपासना का कठिन व्रत शुरू हुआ। रविवार को अस्त होते सूर्य को अर्ध्य देने श्रद्धालु उमड़ेंगे। छठ पर्व को लेकर शहर में भक्ति और उल्लास का वातावरण निर्मित हो गया है।
नगर के प्रमुख छठ घाट शंकरघाट व घुनघुट्टा नदी तट में घाट पूजन के दिन ही भारी भीड़ उमड़ी। आकर्षक ढंग से सजे-धजे शंकरघाट की रौनकता हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। यहां महामाया सेवा समिति के अध्यक्ष विजय सोनी के नेतृत्व में समिति से जुड़े लोग और सेवाभावी युवाओं द्वारा आयोजन को भव्यता प्रदान करने पूरी मेहनत की जा रही है। श्री शिवशंकर सिंह सेवा समिति द्वारा विशुनपुर छठ तालाब में आयोजन को भव्यता प्रदान किया गया है। यहां श्रद्घालुओं को सुविधा उपलब्ध कराने बेहतर व्यवस्था की गई है। समिति के अध्यक्ष अनिल सिंह बट्टर के मार्गदर्शन में समिति के पदाधिकारी, सदस्यों के अलावा समाज के हर वर्ग के लोगों की उत्साहपूर्वक भागीदारी ने बिशुनपुर तालाब में छठ पूजा को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया है। इसके अलावा नगर के शिवधारी तालाब, गांधीनगर तालाब, दर्रीपारा तालाब, आदर्श सेवा समिति द्वारा खैरबार बांध, महामाया तालाब, बौरी तालाब, मैरिन ड्राइव, मौलवी बांध सहित अन्य छठ घाटों में भी व्रती श्रद्घालुओं ने स्नान किया और अपने-अपने घाट की पूजा की।
रविवार को छठ के दिन अस्तांचल सूर्य को अर्ध्य देने जन सैलाब उमड़ेगा। घाट बंधान के दिन ही शनिवार को लोगों की भारी भीड़ छठ घाट में देखने को मिलीजहां पूरा माहौल भक्तिभाव में डूबा हुआ है। स्थानीय शंकर घाट का प्राकृतिक व अद्भूत नजारा हर किसी को अपनी ओर खींच रहा है। छठ पर्व न मनाने वाले लोग भी उत्साह से इस महापर्व में सहभागी बनने इस घाट पर पहुंच रहे हैं। शहर का हर परिवार भी इस महापर्व से प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ चुका है। युवा वर्ग भी श्रद्घालुओं की सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ रहा है, ऐसा संयोग शायद ही किसी पर्व में देखने को मिलता है,जिसमें हर कोई उत्साहित है। भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी चाक चौबंद व्यवस्था की है।
शहर के इन स्थानों पर उमड़ेंगे श्रद्धालु
सूर्योपासना के महापर्व छठ की तैयारी पूरी कर ली गई है। नगर के शंकर घाट में महामाया सेवा समिति, महामाया मंदिर तलाब में महामाया सेवा समिति, बिशुनपुर तालाब में श्री शिवशंकर सिंह सेवा समिति, खैरबार मायापुर सिंचाई डेम में आदर्श सेवा समिति द्वारा व्यापक व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त नगर के बौरी तालाब, मौलवी बांध, मैरिन ड्राईव, गांधीनगर तालाब, हरसागर तालाब, शिवधारी तालाब में भी छठ पूजा के लिए बेहतर व्यवस्था की गई है। जगह-जगह तोरण द्वार व विद्युत झालरों से आकर्षक साज-सज्जा से पूरा शहर जगमगा रहा है। शनिवार को सभी छठ घाटों में घाट बंधान के अनुष्ठान के लिए श्रद्घालु परिवार सहित दोपहर बाद पूजन सामग्री लेकर निकल पड़ी थी। रास्त भर छठी मैया की गीतों से नगर का माहौल भक्ति रस से सराबोर रहा।रविवार को छठ पर्व के दिन अस्तांचल सूर्य को अर्ध्य देने घाटों में जन सैलाब उमड़ेगा। गत वर्ष स्थानीय शंकर घाट में हजारो श्रद्घालू उमड़े थे, इस वर्ष यह संख्या और बढ़ेगी। घाटों में मंडप के लिए लगाए जाने वाले गन्ने व पूजन सामग्री की जमकर खरीददारी हुई।
यातायात व्यवस्था होगी बड़ी चुनौती-
नगर के शंकर घाट में घाट बंधान के लिए उमड़ी भीड़ से यातायात व्यवस्था बड़ी चुनौती के रूप में उभरने वाली है। रविवार को यदि पुलिस प्रशासन ने बेहतर व्यवस्था नहीं की तो श्रद्धालुओं के साथ हर किसी को परेशान होना पड़ सकता है। शनिवार को ही लोगों को जिस तरह दोपहिया, चार पहिया वाहनों से घाट पहुंचना पड़ा और इस मार्ग पर आने जाने वाले लोगों को परेशानी उठानी पड़ी उससे लग रहा है कि व्यवस्था को और बेहतर करने की जरूरत है। हालांकि डीएसपी जयराम चेरमाको के नेतृत्व में पूरी यातायात पुलिस यहां व्यवस्था बनाने में जुटी है। सरगुजा कलेक्टर कुंदन कुमार,पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने एक दिन पूर्व ही घाट का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया है और व्यवस्था दुरुस्त करने कहा है।
घर-घर खीर भोज का हुआ आयोजन-
घाट बनाने के साथ शनिवार को घर-घर खीर भोज का आयोजन हुआ आम की लकड़ी जलाकर बनने वाले इस खीर का विशेष प्रसाद चढ़ता है।गुड़ से बनने वाले इस खीर को विशेष रूप से प्रसाद के रूप में ग्रहण किया जाता है। इस दिन शहर के अधिकांश घरों में खीर भोज का आयोजन हुआ जहां लोगों ने ईस्ट मित्रों को भी आमंत्रित किया और खीर प्रसाद के रूप में प्रदान किया।
घुनघुट्टा नदी तट बिखेर रहा अद्भुत छंटा
नगर से आठ किलोमीटर दूर घुनघुट्टा नदी तट पर श्याम घुनघुट्टा सेवा समिति के द्वारा भव्य आयोजन किया जा रहा है। यह प्राकृतिक रूप से आकर्षण का बड़ा केंद्र बन गया है जिसने सबका मन मोह लिया है।यहां शनिवार को घाट बंधान के लिए बड़ी संख्या में शहर की व्रती महिलाएं उमड़ी। आयोजन में इस बार भी बनारस से गंगा आरती करने वाले दल को बुलाया गया है। समिति के संरक्षक राकेश गुप्ता तथा समिति के अध्यक्ष रामकुमार गुप्ता ने सभी छठ व्रती माताओं से घुनघुट्टा नदी में आकर छठ पर्व करने का निवेदन किया है।समिति के सभी कार्यकर्ताओं प्रेम कुशवाहा, उत्तम राजवाड़े, मनोज कश्यप, नारद गुप्ता, संजीव कश्यप, प्रकाश सोनी, सतेन्द्र कुशवाहा, गीता, संदीप, पंकज, विपिन, नीरज, तेजराज, आदर्श, पिंटू, आशु, मोंटी, मोनू, राज, राकेश के द्वारा टोकन की व्यवस्था की जा रही है।