
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: थाना कमलेश्वरपुर क्षेत्र के ग्राम बिसरपानी मझवारपारा में सोमवार देर शाम शराब के नशे में हुई मारपीट के बाद मंगलवार सुबह एक महिला और एक युवक का शव घर में पड़ा मिला। दोनों के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान हैं। पुलिस ने हत्या का संदेह मृतका के पति पर जताया है। आरोपित फरार है।
पुलिस के अनुसार घटना ग्राम बिसरपानी निवासी सोमारू मझवार के घर की है। 17 अगस्त 2026 की रात लगभग आठ बजे सोमारू मझवार के घर में मृतक बेन्जे बड़ा पिता तिहरु बड़ा (35) निवासी बिसरपानी चिखलापारा और मृतका नईहारो मझवार पति बाबूलाल मझवार (32) निवासी बिसरपानी तिलकपारा मौजूद थे।
इसी दौरान मृतका का पति आरोपी बाबूलाल मझवार (35) भी वहां पहुंचा। तीनों शराब के नशे में थे और आग ताप रहे थे।करीब आधा घंटे बाद तीनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और बात मारपीट तक पहुंच गई। लड़ाई-झगड़ा देखकर डर से मकान मालिक सोमारू मझवार घर से भाग गया। अगले दिन 18 अगस्त 2026 को सुबह जब सोमारू मझवार वापस घर आया तो उसने देखा कि बेन्जे बड़ा और नईहारो मझवार का शव घर में पड़ा है।
यह भी पढ़ें- 'दृश्यम-2' स्टाइल मर्डर केस में हाई कोर्ट से पति बरी; कोर्ट ने क्या कहा...जमीन में दफ्न राज की पढ़ें पूरी कहानी
दोनों के सिर और चेहरे पर चोट के निशान थे। जमीन पर फावड़े से मारने के निशान भी मिले हैं।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि मृतका नईहारो के पति बाबूलाल मझवार ने ही फावड़े से मारकर दोनों की हत्या की है।
घटना के बाद से आरोपित फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।पुलिस के अनुसार हत्या का स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। आरोपित के पकड़े जाने के बाद ही मारपीट और हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट हो सकेगी।मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपित बाबूलाल मझवार की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।