
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर: सरगुजा जिले के उदयपुर वन परिक्षेत्र के महेशपुर में हाथी के हमले से एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गया। हाथियों का दल सुबह खेतों से जंगल की ओर लौट रहा था, इसी दौरान बुजुर्ग घर के बाहर तालाब के पास मौजूद था। अचानक एक हाथी ने पैर से उसे धक्का दे दिया। बुजुर्ग उछलकर दूर जा गिरा, जिससे उसके जबड़े और पसली की हड्डी में गंभीर चोट आई है। धक्का देने के बाद हाथी आगे बढ़ गया, जिससे उसकी जान बच गई।
घटना मुंगरी तालाब के पास महेशपुर की है। मंगलवार सुबह करीब सात बजे 65 वर्षीय मोहन कुजूर घर के बाहर था, तभी जंगल की ओर लौट रहे हाथियों के दल के एक हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हाथी का पैर लगने से उनकी पसली में चोट या गई है। हमले के बाद घायल मोहन किसी तरह खुद चलकर घर के नजदीक पहुंचे।
सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और विभाग की गाड़ी से उन्हें सीएचसी उदयपुर लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर रेफर कर दिया, लेकिन रेफर के बाद तत्काल एंबुलेंस की सुविधा नहीं मिल पाई।
यह भी पढ़ें- अंबिकापुर में साइबर ठगी की राशि वापसी और तय समय में अनफ्रीज होंगे खाते: GRM-MRM पोर्टल का मास्टर क्लास
सीएचसी उदयपुर से एंबुलेंस मिलने में देरी की शिकायत की गई, तब जाकर लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से एंबुलेंस भेजी गई। इस एंबुलेंस से घायल को मेडिकल कॉलेज अस्पताल शिफ्ट किया गया, जहां उसका उपचार जारी है। हाथियों का यह दल पिछले कई दिनों से उदयपुर वन परिक्षेत्र में विचरण कर रहा है। सोमवार शाम को दल जंगल से निकलकर महेशपुर और आसपास के गांवों से लगे खेतों में घुस गया और धान की फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया।
घायल मोहन कुजूर के खेत में भी हाथी रात में उतरे थे। हाथियों ने फसल को खाने के साथ पैरों से कुचलकर नष्ट कर दिया। पिछले दिनों इसी क्षेत्र में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से हाथी के एक बच्चे की मौत हो गई थी। इस मामले में दो चचेरे भाइयों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया था।फिलहाल क्षेत्र में 26 हाथियों की मौजूदगी से भय का माहौल है।
ग्रामीणों में फसल नुकसान को लेकर चिंता बढ़ गई है। वन विभाग की अलग-अलग टीमों को हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगाया गया है। विभाग क्षति का आकलन कर रहा है और उसके अनुरूप मुआवजा प्रदान करने की पहल की जाएगी।