
नईदुनिया प्रतिनिधि, रामानुजगंज: रामचंद्रपुर विकासखंड अंतर्गत विजयनगर हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को भोजन अवकाश के समय अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। घटना में 11 स्कूली बच्चे और दो शिक्षक घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल रामानुजगंज के सौ बिस्तर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉ. रुक्मणि और डॉ. शालिनी ने घायलों का इलाज किया।
प्राथमिक उपचार के बाद चार छात्राओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया। इनमें दसवीं की छात्रा समीदा खातून, नंदिनी कुशवाहा, आफरीन अहमान खातून और अफरीना खातून शामिल हैं। अन्य घायलों का उपचार रामानुजगंज अस्पताल में जारी है।
स्कूल के व्याख्याता वेणुधर सिधार ने बताया कि घटना दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। उस समय स्कूल में लंच का समय था। अचानक मधुमक्खियों का झुंड बच्चों और शिक्षकों पर टूट पड़ा, जिससे 11 बच्चे और दो शिक्षक घायल हो गए। इलाज कर रहीं डॉ. रुक्मणि ने बताया कि चार बच्चों की हालत गंभीर थी, इसलिए उन्हें बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
यह भी पढ़ें- पानी समझकर बोतल से महुआ शराब पी गया 3 साल का मासूम, चिरमिरी-अंबिकापुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम आनंद राम नेताम, तहसीलदार मनोज पैकरा, रामचंद्रपुर बीईओ विजय कुशवाहा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने चिकित्सकों से उपचार व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली।