कांग्रेस में नहीं, भाजपा में है भयंकर गुटबाजी, अंबिकापुर पहुंचे पीसीसी चीफ व दीपक बैज का तीखा प्रहार
अंबिकापुर पहुंचे पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस म...और पढ़ें
Publish Date: Tue, 15 Sep 2026 07:24:24 PM (IST)Updated Date: Tue, 15 Sep 2026 07:24:24 PM (IST)
HighLights
- पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भाजपा के गुटबाजी के आरोपों को नकारा।
- डिबेट में बेनकाब हुई साय सरकार, पीएम आवास के आंकड़े फर्जी।
- टीएस सिंहदेव ने पीएम आवास पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर: 'संगठन सृजन अभियान' के तहत अंबिकापुर पहुंचे छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) के अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने राज्य की भाजपा सरकार पर करारा राजनीतिक हमला बोला है। पीसीसी चीफ दीपक बैज ने कांग्रेस में गुटबाजी के दावों को भाजपा का दुर्भावनापूर्ण प्रोपेगेंडा बताते हुए कहा कि असली गुटबाजी कांग्रेस में नहीं, बल्कि भाजपा के भीतर है।
उन्होंने पीएम आवास योजना को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच हुई हालिया डिबेट पर तंज कसते हुए कहा कि इसमें मंत्री विजय शर्मा की हवा निकल गई और सरकार का गुब्बारा पूरी तरह फूट गया।
पत्रकारों से चर्चा करते हुए दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के बड़े नेता कभी एक मंच पर या एक गाड़ी में एक साथ नहीं घूम सकते। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कभी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बृजमोहन अग्रवाल, अमर अग्रवाल और धरमलाल कौशिक एक साथ नजर आते हैं?
उन्होंने पीएम आवास के आंकड़ों में भारी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार साढ़े 18 लाख आवास का दावा कर रही है, जबकि जमीनी हकीकत में केवल 11 लाख मकान ही बने हैं। बैज ने कहा कि अगर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और राज्य सरकार के दावों को जोड़ें तो अब तक 40 लाख से अधिक आवास स्वीकृत हो जाने चाहिए थे, जो कि सरकारी आंकड़ों से बिल्कुल अलग हैं।
वहीं, पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने पीएम आवास योजना के आंकड़ों में विरोधाभास का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार से 'श्वेत पत्र' जारी करने की मांग की है। सिंहदेव ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के आंकड़ों में भारी अंतर से जनता में भ्रम की स्थिति है, इसलिए सरकार को शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बने मकानों की प्रतिवर्ष की जानकारी सार्वजनिक करनी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा द्वारा इस्तीफा प्रकरण पर की गई बयानबाजी का जवाब देते हुए सिंहदेव ने साफ किया कि कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और विजय शर्मा इसमें जबरन आग लगाने या धुआं उठाने की व्यर्थ कोशिश कर रहे हैं।