_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : सरगुजा,सूरजपुर और बलरामपुर जिले में 19 लोगों की जान लेने वाला कबरा हाथी अब वन विभाग की नजर में है। ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाने के 24 घण्टे बाद उसका लोकेशन हर घण्टे मिल रहा है। गुरुवार को उसके पैरों की बेड़ियों को खोल दिया गया है। उसका मूवमेंट कम है। हाथियों के झुंड से लगभग वह डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर है। उसकी गतिविधि पर नजर रखने के साथ ही व्यवहार का भी अध्ययन किया जा रहा है।
अचानकमार टाइगर रिजर्व से प्रशिक्षित हाथी को भी बुला लिया गया है। अब कुमकी हाथी तीरथ राम,दुर्योधन तथा राजू के साथ वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी,महावत व ट्रैकर रामगढ़ में कैंप किए हुए हैं। कबरा हाथी को बुधवार को रामगढ़ की पहाड़ी पर समुद्र तल से 670 मीटर की ऊंचाई पर ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाया गया था।
कालर आइडी लगाने के 24 घण्टे बाद से सेटेलाइट के माध्यम से लोकेशन मिलना शुरू होता है। होश में आने के बाद हाथी के व्यवहार पर नजदीक से नजर रखने विशेषज्ञों की सलाह पर उसके सामने के दोनों पैरों को जंजीर से इस तरह बांध दिया गया था ताकि वह दौड़ न सके लेकिन बड़े आराम से चल फिर सके। उसके पीछे के एक पैर में भी जंजीर बांधी गई थी क्योंकि चलते समय हाथी के पीछे के पैर में भार अधिक पड़ता है।
मनोविज्ञानी रूप से हाथी को शांत रखने यह तकनीक अपनाई गई थी कि उसे लगे कि उसके पैर में कुछ बांधा गया है। बुधवार को ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाने के बाद से उसका मूवमेंट थोड़ा कम हो गया था। 24 घण्टे बाद उसका पहला लोकेशन सामने आया। उसके बाद विशेषज्ञ टीम मौके पर पहुंची। सारी प्रक्रियाओं का पालन कर उसके पैरों की बेड़ियां खोल दी गई और उसे पहाड़ी क्षेत्र में स्वच्छंद विचरण के लिए छोड़ दिया गया।
अगले दो-तीन दिनों तक वन विभाग ने कबरा हाथी को अपनी नजर में रखा है। उसका व्यवहार देखा जा रहा है। इस अवधि में यदि हाथी ने आबादी क्षेत्र पहुंच कर घर तोड़ा या आक्रामकता दिखाई तो उसे रेस्क्यू सेंटर ले जाने के लिए भी वन विभाग तैयार है। इसके लिए अचानकमार टाइगर रिजर्व से राजू हाथी को भी बुलाया गया है। वह ज्यादा बलशाली और प्रशिक्षित हाथी हैं।
ट्रेंक्यूलाइज कर कालर आइडी लगाने से पहले कबरा हाथी ,17 हाथियों के झुंड में शामिल हो गया था। झुंड में शामिल होते ही उसके व्यवहार में बदलाव आ गया था। वर्तमान में कबरा हाथी जहां पर हैं वहां से हाथियों के झुंड की दूरी लगभग डेढ़ किलोमीटर है। उम्मीद की जा रही है कि कबरा हाथी जल्दी ही दल में शामिल हो जाएगा। ऐसा हुआ तो इस दल की उपस्थिति का भी पता चल सकेगा और कबरा हाथी के व्यवहार में भी बदलाव आ जाएगा। हाथियों का दल रामगढ़ की पहाड़ी जंगल में ही मौजूद है।
कबरा हाथी पर लगातार नजर रखी जा रही है। अभी वह झुंड में शामिल नहीं हुआ है। नजदीक ही हाथियों का झुंड है।झुंड में शामिल होने के बाद उसका व्यवहार कैसा रहता है,इसका अध्ययन किया जाएगा। कबरा हाथी के व्यवहार में बदलाव निश्चित रूप से आएगा। यदि आक्रामकता दिखी तो उसे रेस्क्यू सेंटर में शिफ्ट किया जाएगा लेकिन इसकी संभावना कम है। वर्तमान इलाका भी हाथियों का प्राकृतिक रहवास व नैसर्गिक क्षेत्र ही है। डा प्रणय मिश्रा मुख्य वन संरक्षक वन्य प्राणी सरगुजा
यह भी पढ़ें- रामगढ़ की 670 मीटर ऊंची पहाड़ी पर 6 दिन चला ऑपरेशन: आखिरकार ट्रेंक्यूलाइज हुआ कुख्यात कबरा हाथी