_m.webp)
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : शहर के गौरव पथ से मौलवी बांध होते हुए पंचदेव मंदिर नमनाकला तक सड़क निर्माण अधर में लटक गया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव द्वारा बिना मुआवजा के सड़क के लिए निजी स्वामित्व की जमीन देने से इनकार के बाद नगर निगम भी पशोपेश में है।
हालांकि सिंहदेव ने इतना आश्वासन जरूर दिया है कि वर्तमान प्रचलित सड़क को आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए वे स्वयं पहल करेंगे। लेकिन जिस तरीके से नगर निगम प्रशासन ने मुफ्त में उनसे जमीन की मांग की, उसे लेकर सियासी गलियारे में चर्चाएं भी खूब हो रही हैं।
सिंहदेव द्वारा मुफ्त में जमीन देने से इनकार करने के कई कारण हैं। इसके पहले भी उनकी निजी स्वामित्व की जमीन पर सार्वजनिक हित का हवाला देकर निर्माण कार्य कराए गए हैं, लेकिन इस बार सिंहदेव भी अड़ गए हैं।उनका कहना है कि 10-20 लाख रुपये तक की बात समझ में आती है, लेकिन पांच-छह करोड़ रुपये की जमीन मुफ्त में कैसे दी जा सकती है, जबकि सरकारी व्यवस्था में मुआवजे का प्रविधान है। जिस क्षेत्र में सड़क प्रस्तावित है, वहां उनकी सहमति के बिना निगम ने अपनी सड़क बना ली है। इसे लेकर उन्होंने न्यायालय में याचिका भी दायर कर दी है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि सार्वजनिक हित की बात कहकर शहर में उनकी और भी निजी स्वामित्व की जमीन ले ली गई है, लेकिन कभी भी मुआवजा नहीं दिया गया। उनके निवास के ठीक सामने की जमीन पर पक्की सड़क बना दी गई, जिस पर आज लोग आना-जाना करते हैं। वर्तमान में जहां नगर निगम का प्रशासनिक भवन बना है, उसके ठीक सामने गौरव पथ निर्माण के लिए भी उनके निजी स्वामित्व की जमीन ले ली गई है। उस समय आश्वासन दिया गया था कि जमीन के बदले जमीन दिया जाएगा, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। उन्होंने दोबारा अपनी बात भी नहीं रखी।
यह भी पढ़ें- बिलासपुर तहसील में लिपिक नशा कर सुन रहा था गाना... विरोध पर वकील से अभद्रता
एक एकड़ में बना दिया नाला, एक रुपये नहीं मिले
जहां पर सड़क निर्माण की बात हो रही है, वहीं पर लगभग एक एकड़ जमीन में नगर निगम द्वारा बड़ा नाला का निर्माण कर दिया गया है। इसका भी एक रुपये मुआवजा नहीं दिया गया है। उनके बिना सहमति के नगर निगम द्वारा उनके निजी स्वामित्व की जमीन पर भी सड़क बना दी गई है।लगातार उनकी निजी संपत्तियों का बिना मुआवजा सरकारी उपयोग करने के कारण उन्हें व्यक्तिगत रूप से खड़ा होना पड़ा और निजी जमीन पर सड़क निर्माण कर लेने को लेकर उन्होंने न्यायालय में याचिका भी दायर की है।