
नईदुनिया प्रतिनिधि,बिलासपुर: जिला तहसील कार्यालय में ड्यूटी के दौरान नायब तहसीलदार का रीडर शराब के नशे में धुत होकर नाजिर कक्ष में गाना सुनते हुए सो रहे थे। पावती मांगने गए एक अधिवक्ता ने जब उसे जगाया तो रीडर भड़क गया और अभद्रता करने लगा। वीडियो वायरल होने और लिखित शिकायत के बाद कलेक्टर संजय अग्रवाल ने मामले की जांच बैठा दी है।
अधिवक्ता त्रिशिर मनीष दीक्षित न्यायालयीन कार्य से नायब तहसीलदार सामर्थ थवाइत के न्यायालय में दस्तावेज की पावती लेने पहुंचे थे। सुबह 11 बजे रीडर रवि नारायण अपनी सीट से नदारद मिले। दोपहर करीब ढाई बजे जब वे दोबारा पहुंचे, तो रीडर अपनी शाखा के बजाय नाजिर कक्ष की कुर्सी पर मोबाइल में गाना चलाकर शराब के नशे में सोते हुए मिले।
अधिवक्ता ने जगाकर पावती मांगी, तो रीडर अभद्रता करने लगा। अधिवक्ता ने इसका वीडियो बना लिया। भनक लगते ही रीडर दूसरे न्यायालय कक्ष के पास पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए वीडियो डिलीट करने का दबाव बनाने लगा। पीड़ित अधिवक्ता ने कलेक्टर और एसडीएम से इसकी लिखित शिकायत की। एसडीएम के निर्देश पर नियुक्त जांच अधिकारी तहसीलदार जयश्री राजनपथे ने आज दोनों पक्षों को तलब कर उनके बयान दर्ज किए हैं।
यह भी पढ़ें- इलाज खर्च व दिव्यांगता के आधार पर बड़ा फैसला: घायल व्यापारी को 1.04 करोड़ मुआवजा देने का आदेश
ड्यूटी से गायब: सुबह 11 बजे रीडर अपनी निर्धारित शाखा से अनुपस्थित रहा और दोपहर ढाई बजे नाजिर कक्ष में मिला।
मोबाइल में गाना और नशा: सरकारी कार्य के समय मोबाइल पर गाना बजाते हुए नशे की हालत में कुर्सी पर सोता पाया गया।
सबूत मिटाने का दबाव: वीडियो बनने की जानकारी मिलते ही दूसरे कक्ष के बाहर आकर गाली-गलौज की और वीडियो डिलीट करने धमकाया।
तहसील कार्यालय में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने प्रशासनिक अनुशासन की पोल खोल दी है। अधिवक्ता संघ से जुड़े लोगों का कहना है कि जब वरिष्ठ अधिवक्ताओं के साथ कार्यालय के भीतर इस तरह का दुर्व्यवहार और गाली-गलौज हो रही है, तो दूरदराज से आने वाले आम नागरिकों और जूनियर अधिवक्ताओं के साथ कैसा बर्ताव होता होगा। अब सबकी निगाहें तहसीलदार की जांच रिपोर्ट और निलंबन जैसी सख्त कार्रवाई पर टिकी हैं।
तहसीलदार जयश्री राजनपथे को इस मामले की जांच सौंपी गई है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट प्रस्तुत होने के बाद कलेक्टर के निर्देशानुसार दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।आकांक्षा त्रिपाठी, एसडीएम बिलासपुर
कलेक्टर से शिकायत के बाद मेडिकल मुलाहिजे के डर से रीडर कार्यालय समय से पहले ही फरार हो गया था। शुक्रवार को जांच अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज करा दिया है। बार और बेंच की गरिमा बनी रहनी चाहिए। त्रिशिर मनीष दीक्षित, पीड़ित अधिवक्ता