नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक अध्यक्ष डा प्रवीण तोगड़िया ने कहा है कि जैसे अनुसूचित जाति का व्यक्ति ईसाई बनता है तो आरक्षण समाप्त हो जाता है, वैसे ही जो आदिवासी व्यक्ति ईसाई बनता है तो उसका आरक्षण समाप्त होना चाहिए। देश में आदिवासी आरक्षण का फायदा सिर्फ मतांतरित ईसाई को मिल रहा है। जैसे ईसाई हर रविवार को मिलते हैं, मुसलमान हर शुक्रवार को मिलते हैं, वैसे ही भारत के हर गांव में, शहर की हर गली में मंगलवार या शनिवार रात को हर सप्ताह सामूहिक हनुमान चालीसा हो, यह प्रयास है।इससे जनकल्याण और सामाजिक संपर्क बढ़ेगा। मतांतरण को रोकने में भी मदद मिलेगी।
अंबिकापुर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए डा प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद, राष्ट्रीय बजरंग दल द्वारा देशभर में गांव से लेकर शहर की कॉलोनियों तक हिंदुओं को जोड़कर उनके कल्याण का अभियान चलाया जा रहा है। उनका लक्ष्य है - समृद्ध हिंदू, सुरक्षित हिंदू, सम्मान युक्त हिंदू और हर घर तक पहुंच। इसलिए उनका नारा है - हमारा घर हिंदू घर,हिंदू घर-हिंदू घर, सुखी घर।उन्होंने बताया कि वे सरगुजा संभाग के अंबिकापुर से आगे मध्यप्रदेश तक लोगों को जोड़ने की गतिविधि के लिए जा रहे हैं।
हर सप्ताह सामूहिक हनुमान चालीसा का आह्वान
डा प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि जैसे ईसाई समाज के लोग हर रविवार को मिलते हैं, मुसलमान हर शुक्रवार को मिलते हैं, वैसे ही भारत के हर गांव में, शहर की हर गली में मंगलवार या शनिवार रात को हर सप्ताह सामूहिक हनुमान चालीसा हो, यह प्रयास है। जहां लोग इकट्ठा होते हैं, वहां के हिंदुओं के कल्याण की व्यवस्था होगी।उन्होंने कहा कि कल्याण का अर्थ है - कहीं पर भी मदद चाहिए तो फोन करो, वहां का हिंदू मदद करेगा। काशी में मदद मांगोगे तो मिलेगी, रायगढ़, बिलासपुर, रायपुर, मुंबई में भी मिलेगी।
हनुमान चालीसा केंद्र बनेंगे सेवा केंद्र
उन्होंने बताया कि हनुमान चालीसा केंद्र को ही हिंदू हेल्प सेंटर, हिंदू आरोग्य केंद्र और हिंदू सेवा केंद्र बनाया गया है। यहां गरीबों को निश्शलूक अनाज, मुफ्त चिकित्सक की सेवा, रोग रोकने की ट्रेनिंग, ब्लड प्रेशर-शुगर की जांच की व्यवस्था की जा रही है।उनका कहना था कि सरगुजा क्षेत्र में गांव-गांव में हनुमान चालीसा हो, यह प्रयास है। यह हो जाता है तो गांव में हनुमान चालीसा, घर-घर का संपर्क, गतिविधि की जानकारी और लोगों की सेवा होगी। इससे मतांतरण भी रुकेगा।
आदिवासी आरक्षण पर भी बोले डा तोगड़िया
डा प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि उनका स्पष्ट मानना है कि जैसे अनुसूचित जाति का व्यक्ति मतांतरित होकर ईसाई बनता है तो आरक्षण समाप्त हो जाता है, वैसे ही जो आदिवासी मतांतरित होकर ईसाई बनता है, उसका आरक्षण समाप्त होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में आदिवासी आरक्षण का फायदा सिर्फ ईसाई को मिल रहा है, परंपरा से जुड़े हुए आदिवासियों का नुकसान हो रहा है इसलिए मतांतरित आदिवासियों का डिलिस्टिंग होना चाहिए। इसके लिए आवाज उठ चुकी है। यदि ऐसा हो जाता है तो आदिवासियों को रोजगार मिलेगा। उन्हें विश्वास है कि केंद्र सरकार यह पहल जरूर करेगी। उन्होंने मतांतरित ईसाइयों का आदिवासी का आरक्षण समाप्त (डीलिस्टिंग) के लिए सभी आदिवासियों और गैर आदिवासियों को मिलकर आवाज उठाने का आह्वान किया। साथ ही परंपरा से जुड़े आदिवासियों की सेवा, स्वास्थ्य, रोजगार में सभी से सहयोग करने का आह्वान किया।
चक्रवात से धान नुकसान पर मुआवजे की मांग
डा प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि चक्रवात के कारण खेतों में धान का बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। वे देखकर आए हैं, कहीं कम तो कहीं ज्यादा मात्रा में नुकसान है। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार से मांग की कि जिनके धान का नुकसान हुआ है, उनकी आर्थिक भरपाई करने का काम करें। ताकि किसानों को राहत मिल सके। चक्रवात के कारण किसानों को भारी क्षति उठानी पड़ी है। मुआवजा की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करनी चाहिए।
हिंदू हेल्पलाइन से देशभर में मिल रही है सहायता
उन्होंने बताया कि पूरे देश में कहीं पर भी मदद चाहिए तो हिंदू हेल्पलाइन पर फोन करो। हेल्पलाइन नंबर 020-6680-3300 है। लाखों हिंदुओं को मदद मिल रही है। रांची, काशी, बिलासपुर, रायपुर, भोपाल, मुंबई, दिल्ली में मदद मिलेगी। अस्पताल में सहयोग, डॉक्टर, ब्लड की आवश्यकता, प्रवास के दौरान रास्ते में वाहन खराब होने से लेकर कोई समस्या, कानूनी समस्या पर अधिवक्ता की मदद और सरकार के संदर्भ में सहयोग की व्यवस्था की गई है।