नईदुनिया प्रतिनिधि,अंबिकापुर। सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर में 19 लोगों की जान ले चुका कुख्यात कबरा हाथी अब वन विभाग के रडार पर है। उसे काबू में करने के लिए सायर के जंगल में अभियान शुरू कर दिया गया है। फिलहाल हाथी उदयपुर वन परिक्षेत्र के सायर गांव के जंगल में मौजूद है।
शासन से अनुमति मिलते ही गुरुवार शाम सूरजपुर के रमकोला रेस्क्यू सेंटर से दो प्रशिक्षित कुमकी हाथी दुर्योधन और तीरथराम को ट्रक से उदयपुर लाया गया। रात में दोनों को रामगढ़ में रखा गया। रायपुर से डॉक्टर जयकिशोर जड़िया और बिलासपुर से डॉक्टर पीके चंदन की ट्रेंक्यूलाइज टीम भी शाम को उदयपुर पहुंच गई।
शुक्रवार सुबह मुख्य वन संरक्षक दिलराज प्रभाकर, मुख्य वन संरक्षक वन्यप्राणी प्रणय मिश्रा, डीएफओ सरगुजा लोकनाथ पटेल और डीएफओ सूरजपुर विपुल अग्रवाल सहित आला अधिकारियों ने पूरे अभियान की कार्ययोजना तथा अधिकारी-कर्मचारियों को उनका दायित्व समझाया।
वन विभाग को मिली सटीक लोकेशन
विभाग की योजना के अनुसार पहले कबरा हाथी की सटीक लोकेशन ली गई। उदयपुर से करीब 15 किमी दूर सायर के जंगल में होने की पुष्टि पर कुमकी हाथियों को ट्रक से सायर ले जाया गया। यहां से तीरथराम को महावत व सहयोगी के साथ जंगल में ट्रैकिंग के लिए भेजा गया है, जबकि दुर्योधन को बाहर स्टैंडबाय रखा गया है।
पूरी टीम वॉकी-टॉकी से जुड़ी है। लोकेशन कन्फर्म होते ही अनुकूल मौके पर ट्रेंक्यूलाइज कर कॉलर आईडी लगाई जाएगी और कुमकी हाथियों की मदद से कबरा हाथी को ट्रक में लोड कर सीधे रमकोला रेस्क्यू सेंटर ले जाया जाएगा।
पहले कॉलर लगाकर जंगल में छोड़ने का विचार था, लेकिन लगातार हो रही जनहानि को देखते हुए अब उसे रेस्क्यू सेंटर में ही रखने का निर्णय लिया गया है। सुरक्षा के मद्देनजर सायर मार्ग पर बैरिकेडिंग कर ग्रामीणों को घर से बाहर न निकलने और जंगल की ओर न जाने की हिदायत दी गई है।
17 स्कूलों को किया गया बंद
पगडंडी रास्ते भी बंद किए गए हैं। अभियान के चलते सायर संकुल के शासकीय हाई स्कूल सायर, पूर्व माध्यमिक विद्यालय सायर, प्राथमिक शाला सायर, प्राथमिक शाला पटेलपारा, पूर्व माध्यमिक विद्यालय कुमदेवा, प्राथमिक शाला कुमदेवा, प्राथमिक शाला सत्तीमुड़ा, प्राथमिक शाला बिच्छलघाटी, प्राथमिक शाला कर्मीमारा, माध्यमिक शाला कुंदरबासर तथा संकुल केंद्र महेशपुर अंतर्गत प्राथमिक शाला मानपुर, प्राथमिक शाला मझवारपारा, माध्यमिक शाला मानपुर, प्राथमिक शाला उरांवपारा और सुखरीभंडार संकुल के प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला सुखरीभंडार तथा प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला महुआटिकरा में अवकाश घोषित किया गया है।